Explore

Search

September 9, 2026 7:10 pm

ऑपरेशन शंखनाद में 14 गौवंश तस्करों के चंगुल से मुक्त, एक आरोपी गिरफ्तार

जंगल के रास्ते पैदल झारखंड ले जाने की थी तैयारी, दो आरोपी फरार

CBN36 जशपुर, 8 सितंबर 2026। जशपुर पुलिस ने गौवंश तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शंखनाद के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि उसके दो साथी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश तेज कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, 6 सितंबर को सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग बोरोकोना के जंगल के रास्ते से गौवंशों को पैदल हांकते हुए खरसोता पुलिया की ओर ले जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए ग्राम खरसोता में घेराबंदी की।

पुलिस टीम को देखकर संदिग्ध तस्कर गौवंशों को छोड़कर जंगल की ओर भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि दो आरोपी मौके से फरार हो गए। पकड़े गए आरोपी की पहचान प्रेम सुधार राम (28), निवासी ग्राम डड़गांव, चौकी मनोरा, जिला जशपुर के रूप में हुई है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 14 गौवंश सकुशल बरामद किए। सभी गौवंशों का पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों द्वारा गौवंशों को जंगल के रास्ते पैदल हांककर झारखंड की ओर ले जाया जा रहा था।

मामले में सिटी कोतवाली जशपुर में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 और 10 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। पुलिस के अनुसार पर्याप्त साक्ष्य मिलने और अपराध स्वीकार करने के बाद आरोपी प्रेम सुधार राम को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक मोर ध्वज देशमुख, उप निरीक्षक संजीव कायता, प्रधान आरक्षक संजीत, सविता तथा आरक्षक राम प्रताप यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि कोतवाली पुलिस ने 14 गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है और एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है। मामले में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऑपरेशन शंखनाद लगातार जारी रहेगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS