
450 विद्यार्थियों ने ली साइबर सुरक्षा की शपथ, बाजारों में 1000 लोगों को बांटे पंपलेट
CBN36 मुंगेली। साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों के बीच मुंगेली पुलिस ने आम लोगों को जागरूक करने के लिए साइबर जागृति अभियान तेज कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के मार्गदर्शन में जिले के स्कूल और साप्ताहिक बाजारों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के दौरान करीब 1450 लोगों को साइबर ठगी से बचाव के उपाय बताए गए।
ग्राम बंधवा स्थित पीएम श्री एकलव्य विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में करीब 450 छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने हिस्सा लिया। उप पुलिस अधीक्षक लोरमी माधुरी धिरही ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, बैंकिंग फ्रॉड और साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए सावधानी बरतने की अपील की। विद्यार्थियों और शिक्षकों को साइबर फ्रॉड से बचने के साथ आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।
रंगोली के जरिए दिया साइबर सुरक्षा का संदेश
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा विषय पर रंगोली प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। रंगोली के माध्यम से विद्यार्थियों ने ऑनलाइन ठगी से सावधान रहने और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का संदेश दिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
बाजारों में 1000 लोगों को किया जागरूक

इसके बाद थाना लोरमी क्षेत्र के ग्राम गोंडखाम्ही और थाना लालपुर क्षेत्र के ग्राम कोदवाबानी के साप्ताहिक मंगलवार बाजारों में भी पुलिस टीम पहुंची। यहां सब्जी विक्रेताओं, किराना व्यापारियों, सोने-चांदी के कारोबारियों, महिलाओं, विद्यार्थियों और अन्य नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। दोनों बाजारों में करीब 1000 लोगों को साइबर फ्रॉड से बचाव के उपाय बताए गए और जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित किए गए।
पुलिस ने लोगों को बताया कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम/डेबिट कार्ड की जानकारी, बैंकिंग पासवर्ड या व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने से भी बचें। यदि ऑनलाइन ठगी हो जाए तो तत्काल संबंधित बैंक को सूचना देने के साथ साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
अभियान के दौरान उप निरीक्षक सुंदर लाल गोरले, थाना प्रभारी लालपुर हर्षा वर्मा, तेज मरकाम, सउनि मधुकर रात्रे, बबीता श्रीवास, अतुल ठाकुर सहित थाना लालपुर और लोरमी के पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
एसएसपी भोजराम पटेल के मार्गदर्शन में मुंगेली पुलिस द्वारा स्कूलों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों तक पहुंचकर साइबर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, ताकि आम नागरिकों को साइबर ठगी के बदलते तरीकों की जानकारी देकर ऑनलाइन अपराधों से सुरक्षित रखा जा सके।
प्रधान संपादक




