CBN36 रायपुर, 7 सितम्बर 2026। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय को नया मुख्य न्यायाधीश मिल गया है। राज्यपाल रमेन डेका ने सोमवार को लोकभवन स्थित छत्तीसगढ़ मण्डपम् में आयोजित समारोह में न्यायमूर्ति कृष्न राम महापात्र को छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण के बाद राज्यपाल डेका ने राष्ट्रपति द्वारा जारी मूल वारंट की प्रति न्यायमूर्ति महापात्र को सौंपते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। न्यायमूर्ति महापात्र इससे पूर्व उड़ीसा उच्च न्यायालय में वरिष्ठ न्यायाधीश के रूप में सेवाएं दे रहे थे।

समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री तोखन साहू, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा तथा विधायक सुनील सोनी और अनुज शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर न्यायमूर्ति महापात्र की धर्मपत्नी अनिता महापात्र सहित छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के न्यायाधीशगण भी मौजूद थे। शपथ ग्रहण समारोह का संचालन मुख्य सचिव विकास शील ने किया तथा राष्ट्रपति द्वारा जारी वारंट का वाचन किया।

समारोह में अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, प्रमुख सचिव गृह निहारिका बारिक, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, महाधिवक्ता विवेक शर्मा, उच्च न्यायालय बिलासपुर के रजिस्ट्रार जनरल रजनीश श्रीवास्तव सहित राज्य शासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं उच्च न्यायालय के अधिवक्ता उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि न्यायमूर्ति कृष्न राम महापात्र छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के 16वें मुख्य न्यायाधीश होंगे।
प्रधान संपादक




