
जिला पंचायत सीईओ मुकुंद ठाकुर भी रहे मौजूद, आंगनबाड़ी और प्राथमिक शाला भवन को मिली मंजूरी
CBN36 सुकमा, 5 सितंबर। कोंटा विकासखंड के पालाचलमा पंचायत के दूरस्थ मेटागुड़ा गांव में प्रशासनिक चौपाल लगाई गई। दो दिन पहले स्कूल, आंगनबाड़ी समेत अन्य बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर ट्रैक्टर से जिला मुख्यालय पहुंचे ग्रामीणों की समस्याएं सुनने कलेक्टर अमित कुमार और जिला पंचायत सीईओ मुकुंद ठाकुर प्रशासनिक अमले के साथ बाइक से मेटागुड़ा पहुंचे। किस्ताराम से करीब 20 किलोमीटर की दूरी बाइक से तय कर अधिकारी गांव पहुंचे और ग्रामीणों से सीधे संवाद किया।
पेड़ के नीचे जमीन पर बैठकर सुनीं समस्याएं
गांव पहुंचते ही कलेक्टर अमित कुमार और सीईओ मुकुंद ठाकुर ने पेड़ के नीचे जमीन पर बैठकर ग्रामीणों के साथ चौपाल लगाई। अधिकारियों ने ग्रामीणों की स्थानीय जरूरतों और समस्याओं की जानकारी ली। चौपाल के दौरान ही मेटागुड़ा में आंगनबाड़ी भवन और आमापेंटा में प्राथमिक शाला भवन निर्माण की तत्काल स्वीकृति दी गई।
सिंचाई सुविधा के विस्तार के लिए नहर विकास कार्य और वीबी जी रामजी योजना के तहत तालाब निर्माण को भी मंजूरी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि इन कार्यों से ग्रामीणों को सिंचाई सुविधा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी उपलब्ध होंगे।
दो माह में शुरू होगी बिजली आपूर्ति

ग्रामीणों की बिजली संबंधी मांग पर अधिकारियों ने दो माह के भीतर गांव में बिजली आपूर्ति शुरू करने का आश्वासन दिया। वहीं सड़क निर्माण को लेकर डीपीआर तैयार कर राज्य सरकार को भेजने की जानकारी दी गई।
सोमवार को लगेगा विशेष शासकीय शिविर
कलेक्टर अमित कुमार के निर्देश पर ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं से जोड़ने और जरूरी दस्तावेज तैयार कराने के लिए सोमवार को गांव में विशेष शिविर लगाया जाएगा। शिविर में आधार कार्ड, वोटर आईडी, राशन कार्ड, श्रम कार्ड और आयुष्मान कार्ड से जुड़े कार्य मौके पर ही किए जाएंगे।
दूरस्थ गांव में कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ के सीधे पहुंचने और ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनने से स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति भरोसा बढ़ा है।
प्रधान संपादक




