Explore

Search

September 2, 2026 7:58 pm

बिलासपुर स्टेशन के पुनर्विकास की जीएम ने परखी रफ्तार, बोले- गुणवत्ता से समझौता नहीं

तरुण प्रकाश ने निर्माणाधीन नए स्टेशन भवन और प्रवेश द्वार का किया निरीक्षण, यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा पर दिया जोर

CBN36 बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने बुधवार को बिलासपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन पर चल रहे मेजर स्टेशन रिडेवलपमेंट और पुनर्विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। निर्माणाधीन नए स्टेशन भवन, दूसरे छोर पर बन रहे प्रवेश द्वार, प्लेटफार्म, फुट ओवरब्रिज समेत यात्री क्षेत्रों का जायजा लिया। जीएम ने अधिकारियों को काम में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता और संरक्षा के मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने स्टेशन पुनर्विकास के मॉडल और ले-आउट प्लान को देखा। अधिकारियों से निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति, निर्धारित समय-सीमा और आगामी कार्ययोजना की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सभी कार्य तय मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ समय पर पूरे किए जाएं।

यात्रियों को कम से कम हो असुविधा

जीएम ने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। निर्माण के कारण यात्रियों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए जरूरी वैकल्पिक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं। कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन हर हाल में कराया जाए।

उन्होंने प्लेटफार्मों और फुट ओवरब्रिज का निरीक्षण कर यात्री आवागमन और उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति देखी। स्टेशन परिसर में स्वच्छता और यात्रियों की आवाजाही को और बेहतर बनाने पर भी जोर दिया।

नए भवन की गुणवत्ता पर विशेष नजर

महाप्रबंधक ने निर्माणाधीन नए स्टेशन भवन के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता और काम की गति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद स्टेशन के दूसरे छोर पर बन रहे प्रवेश द्वार का भी निरीक्षण किया।

पुनर्विकास पूरा होने के बाद बिलासपुर स्टेशन पर यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं, बेहतर आवागमन व्यवस्था और सुविधाजनक प्रवेश-निकास की सुविधा मिलने की उम्मीद है। जीएम ने अधिकारियों से सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाकर काम करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (आरएसपी), प्रधान मुख्य इंजीनियर, प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक, मंडल रेल प्रबंधक समेत मुख्यालय और मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS