CBN36 रायपुर। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर में अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने तीन फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। डीसीपी सेंट्रल जोन तरकेश्वर पटेल के निर्देश और एडिशनल डीसीपी विवेक शुक्ला के मार्गदर्शन में 31 अगस्त से 2 सितंबर तक विभिन्न मामलों में कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक अपराध क्रमांक 298/2026 में धारा 109, 35 बीएनएस के तहत दर्ज चाकूबाजी के मामले में फरार आरोपी शेख इमरोज (22), निवासी बैजनाथपारा को गिरफ्तार किया गया। वहीं अपराध क्रमांक 312/2026 में धारा 296, 115, 351, 239, 135 बीएनएस के तहत दर्ज प्रकरण में फरार सुबे सागर (24), निवासी नेहरू नगर तथा संदीप सोनी (22), निवासी नेहरू नगर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई।
तीन दिनों के दौरान सिटी कोतवाली पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत 10 प्रकरणों में 10 व्यक्तियों पर कार्रवाई की। धारा 170(बी) बीएनएसएस के तहत भी 10 प्रकरणों में 10 लोगों के खिलाफ कार्रवाई हुई। इसके अलावा आर्म्स एक्ट के एक मामले में एक आरोपी, छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत एक मामले में दो आरोपी तथा कोटपा एक्ट के 10 मामलों में 10 व्यक्तियों पर कार्रवाई की गई। नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के दो मामलों में वाहन भी जब्त किए गए।
नंबरी सट्टे पर भी शिकंजा
सिटी कोतवाली पुलिस ने नंबरी सट्टे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अपराध क्रमांक 354/2026 में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 के तहत नानक तनेजा (44), निवासी तेलीबांधा और घनश्याम शर्मा (49), निवासी पचपेड़ी नाका को गिरफ्तार किया। दोनों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई।
पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों, वारंटियों, आदतन बदमाशों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। खासकर चाकूबाजी, अवैध हथियार, सट्टा और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों पर निगरानी रखी जा रही है।
पुरानी रंजिश में चाकू से जानलेवा हमला, आरोपी कांकेर से गिरफ्तार
रायपुर। पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में सिविल लाइन पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने मुख्य आरोपी अजय रक्सेल (24) को कांकेर से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बटनदार चाकू और प्रार्थी का दोपहिया वाहन बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी शुभम श्रीवास्तव ने सिविल लाइन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 26 अगस्त की रात अजय रक्सेल उसे अपनी गाड़ी में बैठाकर दाउजी बिल्डिंग के पास एक गली में ले गया। वहां उसने अपने साथी हर्ष कोसले और एक अन्य व्यक्ति को बुलाया। पुरानी रंजिश को लेकर विवाद के दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए शुभम से मारपीट की और हत्या की नीयत से चाकू से हमला कर दिया। हमले में उसके दोनों पैरों समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं।
घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने अपराध क्रमांक 454/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 109(1), 3(5), 309(4) बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी और मुखबिर तंत्र के साथ तकनीकी विश्लेषण से उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान अजय रक्सेल के कांकेर में छिपे होने की सूचना मिली। टीम ने तत्काल कांकेर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक अजय रक्सेल वर्ष 2022 में तेलीबांधा और वर्ष 2023 में सिविल लाइन थाने में मारपीट एवं आर्म्स एक्ट के मामलों में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है। प्रकरण में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
त्योहारी सीजन से पहले नॉर्थ जोन में पुलिस का शिकंजा, 11 पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
रायपुर। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए शहर में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नॉर्थ जोन पुलिस ने आपराधिक और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। उरला, गुढ़ियारी और खमतराई थाना क्षेत्रों में धारदार हथियार रखने वाले आरोपी, अवैध शराब के मामले में महिला सहित कुल 11 लोगों पर कार्रवाई की गई।
पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आदित्य पांडे के नेतृत्व में तथा एसीपी उरला पूर्णिमा लामा और एसीपी पंडरी कृष्ण कुमार चंद्राकर के पर्यवेक्षण में संबंधित थाना पुलिस ने कार्रवाई की।
थाना उरला पुलिस ने शीतल तालाब के पास बरगांव निवासी माइकल उर्फ लाल (36) के खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की। वहीं गुढ़ियारी पुलिस ने अपराध क्रमांक 385/2026 में धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत आदर्श नगर निवासी पूर्णिमा श्रीवास्तव (35) के खिलाफ कार्रवाई की।
इसके अलावा उरला पुलिस ने धारा 170/126, 135(3) बीएनएसएस के तहत चार लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। गुढ़ियारी पुलिस ने धारा 170 बीएनएसएस के तहत पांच प्रकरणों में पांच लोगों तथा खमतराई पुलिस ने दो प्रकरणों में दो लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। इस तरह नॉर्थ जोन में कुल 11 व्यक्तियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
पुलिस ने कहा है कि त्योहारी सीजन के दौरान क्षेत्र में लगातार निगरानी और पेट्रोलिंग बढ़ाई जा रही है। आपराधिक एवं असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ वैधानिक और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
प्रधान संपादक




