Explore

Search

September 2, 2026 3:39 am

मुंगेली में मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा से मिले तोखन साहू

विधायक पुन्नूलाल मोहले की मांग को केंद्रीय राज्यमंत्री ने स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखा

CBN36 नई दिल्ली। मुंगेली जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की मांग को लेकर केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा से मुलाकात की। इस दौरान श्री साहू ने मुंगेली जिले में मेडिकल कॉलेज की आवश्यकता और क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग से केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को अवगत कराया तथा इसकी स्थापना के लिए आवश्यक पहल करने का आग्रह किया।

तोखन साहू ने बताया कि जिला मुख्यालय मुंगेली में मेडिकल कॉलेज नहीं होने के कारण जिले के विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के लिए दूसरे जिलों में जाना पड़ता है। मुंगेली से निकटतम मेडिकल कॉलेज बिलासपुर में स्थित है, जो लगभग 55 किलोमीटर दूर है। ऐसे में जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना विद्यार्थियों के साथ-साथ आम नागरिकों के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि मुंगेली में मेडिकल कॉलेज स्थापित होने से स्थानीय विद्यार्थियों को अपने ही जिले में चिकित्सा शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे। इसके साथ ही जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी और मुंगेली सहित आसपास के ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर मिल सकेंगी।

मुंगेली विधायक एवं पूर्व मंत्री पुन्नूलाल मोहले ने भी मुंगेली में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की मांग को लेकर केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू से आग्रह किया था। श्री मोहले की इस मांग को केंद्रीय राज्यमंत्री ने गंभीरता से लेते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री जे.पी. नड्डा के समक्ष प्रमुखता से रखा।

श्री साहू ने कहा कि मुंगेली जिले के विकास और क्षेत्रवासियों की आवश्यकताओं से जुड़े विषयों को केंद्र सरकार के समक्ष लगातार उठाया जा रहा है। मेडिकल कॉलेज की स्थापना से मुंगेली में शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों क्षेत्रों को नई दिशा मिलेगी तथा जिले के विकास को भी गति प्राप्त होगी।

केंद्रीय राज्यमंत्री ने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से मुंगेली जिले की इस महत्वपूर्ण मांग पर सकारात्मक पहल होगी और क्षेत्रवासियों को इसका लाभ मिलेगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS