Explore

Search

September 1, 2026 9:47 pm

मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा का सम्मान, उपलब्धियों से समृद्ध रहा तीन साल से अधिक का कार्यकाल

CBN36 बिलासपुर, 1 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा के सम्मान में उच्च न्यायालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ओर से आभार एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। गरिमामय एवं भावपूर्ण वातावरण में हुए कार्यक्रम में उच्च न्यायालय के न्यायाधीशगण, रजिस्ट्रार जनरल, रजिस्ट्री में पदस्थ न्यायिक अधिकारीगण, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

समारोह में वक्ताओं ने मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा के तीन वर्ष से अधिक के कार्यकाल को याद करते हुए उनके दूरदर्शी नेतृत्व, प्रशासनिक दक्षता और कर्मचारी हितों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि उनके कार्यकाल में उच्च न्यायालय की कार्यप्रणाली को आधुनिक एवं सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए गए।

डिजिटाइजेशन से लेकर कर्मचारी सुविधाओं तक हुए कई कार्य

मुख्य न्यायाधीश के कार्यकाल में आर्काइव एवं डिजिटाइजेशन सेंटर, झूलाघर के उन्नयन, डिस्पेंसरी के विस्तार और आवासीय सुविधाओं के विकास सहित कर्मचारी कॉलोनी में स्वास्थ्य एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। विभिन्न पदों पर नियुक्ति, पदोन्नति एवं स्थायीकरण की कार्यवाही को भी कर्मचारी हितों की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में रेखांकित किया गया।

अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय पर्वों, महिला दिवस, दीपावली सहित विभिन्न अवसरों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। इससे उच्च न्यायालय परिवार में आत्मीयता और सौहार्द की भावना को मजबूत करने में मदद मिली। उच्च न्यायालय के सिल्वर जुबली समारोह, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा नवीन सभागार के निर्माण के लिए भूमिपूजन को भी उनके कार्यकाल की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल किया गया।

मुख्य न्यायाधीश ने दिया निरंतर प्रगति का संदेश

सम्मान समारोह में मुख्य न्यायाधीश श्री रमेश सिन्हा ने अपने आशीर्वचन में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जीवन और कार्य के प्रति सजग रहते हुए निरंतर प्रगतिशील बने रहने का संदेश दिया।

इस अवसर पर रजिस्ट्री परिवार की ओर से मुख्य न्यायाधीश के प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त किया गया। उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं सुखमय जीवन की मंगलकामना की गई। वक्ताओं ने कहा कि उनके कार्यकाल में किए गए उल्लेखनीय कार्य और कर्मचारी हित में लिए गए निर्णय लंबे समय तक स्मरणीय रहेंगे।

कार्यक्रम का संचालन छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय की कर्मचारी श्रीमती यामिनी पाटनवार ने किया। मुख्य न्यायाधीश के कार्यकाल का विवरण कु. निलिमा साहू ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के अंत में श्री अभिनव गौरहा ने आभार प्रदर्शन किया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS