Explore

Search

September 1, 2026 9:33 pm

त्योहारों को देखते हुए एसएसपी हुए सख्त, भोर से बदमाशों के घर पहुंची पुलिस

“एसएसपी शशि मोहन सिंह ने दो टूक कहा कि रायगढ़ में कानून-व्यवस्था और शांति से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं ,58 गुंडा व निगरानी बदमाशों को थाने में कराया गया हाजिर, हर महीने देनी होगी हाजिरी”

CBN36 रायगढ़, 1 सितंबर। आगामी जन्माष्टमी, झूला उत्सव और चक्रधर समारोह को देखते हुए रायगढ़ पुलिस ने कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर मंगलवार तड़के पुलिस ने शहर के अलग-अलग इलाकों में अभियान चलाकर गुंडा, निगरानी बदमाश, सजायाफ्ता और संदिग्ध व्यक्तियों के घरों पर दबिश दी। पुलिस ने 58 लोगों को उनके घरों से लाकर थाना परिसर में सामूहिक रूप से हाजिर कराया।

अभियान के दौरान कोतवाली, चक्रधरनगर और जूटमिल थाना क्षेत्र में पुलिस की टीमें सक्रिय रहीं। रिजर्व पुलिस लाइन के बल के साथ नगर पुलिस अधीक्षक राहुल उईके के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के बाद सभी को चक्रधरनगर थाना परिसर में हाजिर कराया गया।

रोजगार और आय के स्रोत की भी ली जानकारी

थाना परिसर में नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा और सीएसपी राहुल उईके ने हाजिर कराए गए लोगों से उनके वर्तमान रोजगार, जीवन-यापन और आय के स्रोत की जानकारी ली। अधिकारियों ने पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और पूर्व के विवादों को लेकर सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि निगरानी में रखे गए लोगों को अपराध से दूर रहकर वैध रोजगार और शांतिपूर्ण जीवन जीना होगा। अब उन्हें नियमित रूप से संबंधित थाने में उपस्थित होकर अपनी हाजिरी देने के साथ जीवन-यापन के स्रोत की जानकारी भी देनी होगी।

अच्छे आचरण वालों को सूची से हटने का मौका

कुछ पुराने गुंडा और निगरानी बदमाशों ने पुलिस अधिकारियों से लंबे समय से किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल नहीं होने की बात कहते हुए निगरानी सूची से नाम हटाने की मांग की। अधिकारियों ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति का आचरण लंबे समय से अच्छा है और वह अपराध से दूर है तो वह संबंधित थाने में नियमानुसार आवेदन प्रस्तुत कर सकता है। प्रकरण की समीक्षा के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

तीन थानों से 58 बदमाश हाजिर

मंगलवार की कार्रवाई में कोतवाली क्षेत्र के 16, चक्रधरनगर क्षेत्र के 23 और जूटमिल क्षेत्र के 19, यानी कुल 58 गुंडा एवं निगरानी बदमाशों को हाजिर कराया गया।

पुलिस अधिकारियों ने थाना प्रभारियों को क्षेत्र से बाहर रहने वाले अथवा जेल में निरुद्ध निगरानी बदमाशों की भी लगातार तस्दीक करने के निर्देश दिए हैं। जेल से रिहा होने वाले व्यक्तियों की जानकारी लेकर उन्हें थाने बुलाने और आवश्यक समझाइश देने को भी कहा गया है।

त्योहारों में हुड़दंग किया तो होगी कार्रवाई

आगामी त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ वाले स्थानों, संवेदनशील क्षेत्रों और पूर्व में विवाद वाले इलाकों में पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। पुलिस ने झगड़ा, हुड़दंग, नशाखोरी और अन्य अवैध गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी दी है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने दो टूक कहा कि रायगढ़ में कानून-व्यवस्था और शांति से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुराने आपराधिक रिकॉर्ड वाले लोगों को अपराध से दूर रहकर समाज की मुख्यधारा में शांतिपूर्ण जीवन जीने की सलाह दी। साथ ही चेतावनी दी कि शहर की शांति भंग करने या कानून हाथ में लेने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS