तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र से मिली सफलता; शराबखोरी, छीलटई और चाकूबाजी पर भी कार्रवाई
CBN36 रायपुर। अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विधानसभा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने विभिन्न आपराधिक मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे करण नायक और अमर नायक को गिरफ्तार किया है। वहीं लंबे समय से फरार स्थायी वारंटी बादशाह अली को भी पुलिस ने धर दबोचा। तीनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं नगर पुलिस अधीक्षक विधानसभा के निर्देशन तथा थाना प्रभारी विधानसभा के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। फरार आरोपितों की तलाश में पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। प्राप्त सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पतासाजी कर गिरफ्तारी की गई।
तीन गिरफ्तारियां, अलग-अलग मामलों में कार्रवाई
अपराध क्रमांक 400/2026 में धारा 109, 3(5) बीएनएस के तहत लंबे समय से फरार चल रहे करण नायक को गिरफ्तार किया गया। प्रकरण में धारा 173(8) के तहत विवेचना लंबित थी।
इसी तरह अपराध क्रमांक 278/2026 में धारा 296, 115, 351, 117(2), 109(1) बीएनएस के तहत फरार अमर नायक को गिरफ्तार कर रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
वहीं बीएसयूपी कॉलोनी, दलदल सिवनी निवासी स्थायी वारंटी बादशाह अली को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।
शराबखोरी, छीलटई और चाकूबाजी पर भी सख्ती
विधानसभा क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी, छीलटई एवं चाकूबाजी कर आमजन के बीच भय और अशांति का माहौल पैदा करने वाले 5 व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। पुलिस ने इनके विरुद्ध धारा 36(च) आबकारी एक्ट एवं धारा 170/126, 135 बीएनएसएस के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया।
अपराधियों पर लगातार रहेगी नजर
विधानसभा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फरार आरोपितों एवं वारंटियों की धरपकड़ के साथ सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी, छीलटई, चाकूबाजी और अन्य असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस तकनीकी विश्लेषण, सूचना संकलन एवं मुखबिर तंत्र को और सक्रिय कर अपराधियों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखेगी।
प्रधान संपादक




