Explore

Search

September 4, 2026 6:55 pm

कंटेनर के गुप्त चेंबर में छिपा रखा था 4.47 क्विंटल गांजा, पंजाब का तस्कर गिरफ्तार

“कबीरधाम में चिल्फी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2.23 करोड़ के गांजे समेत 2.50 करोड़ रुपये का माल जब्त,आईजी ने टीम को किया पुरस्कृत”

CBN36 कवर्धा। एनएच-30 पर चिल्फी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कंटेनर ट्रक के गुप्त चेंबर से 4 क्विंटल 47 किलो 445 ग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से पंजाब निवासी एक अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की कीमत करीब 2 करोड़ 23 लाख 75 हजार 250 रुपये बताई गई है। गांजा परिवहन में इस्तेमाल कंटेनर और मोबाइल फोन समेत पुलिस ने कुल 2 करोड़ 50 लाख 80 हजार 250 रुपये का माल जब्त किया है।

पुलिस के मुताबिक, चिल्फी थाना पुलिस की टीम एनएच-30 पर थाना के सामने संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बोडला की ओर से आ रहे एक कंटेनर ट्रक को रोककर जांच की गई। तलाशी के दौरान पुलिस को ड्राइवर सीट के ऊपर बनाए गए विशेष गुप्त चेंबर पर संदेह हुआ। चेंबर खोलने पर खाकी रंग के टेप से लिपटे कई पैकेट मिले। इनमें गांजा भरा हुआ था।

वजन कराने पर पैकेटों में कुल 4 क्विंटल 47 किलो 445 ग्राम गांजा मिला। पुलिस ने गांजा जब्त करने के साथ कंटेनर ट्रक और एक मोबाइल फोन भी कब्जे में लिया।

अमृतसर का रहने वाला है आरोपी

पुलिस ने मामले में बलजीत सिंह पिता रवेल सिंह निवासी पट्टी सरा दी गांव चाटीपिंड, थाना चाटीपिंड, जिला अमृतसर, पंजाब को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।

तस्करी नेटवर्क की तलाश

पुलिस अब गांजा तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है। एएनटीएफ टीम द्वारा आरोपी से पूछताछ कर गांजा कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

आईजी ने टीम को दिया 25 हजार का पुरस्कार

कार्रवाई में पुलिस की सतर्कता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज अजय यादव ने कबीरधाम पुलिस और थाना चिल्फी की टीम को 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया है। पुलिस का कहना है कि अंतर्राज्यीय सीमा क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए वाहनों की लगातार जांच और निगरानी की जा रही है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS