Explore

Search

August 31, 2026 5:45 pm

ओडिशा से यूपी जा रहा था 60 किलो गांजा, बागबहार में पुलिस ने दबोचा तस्कर

वैन्यू कार की डिक्की से 60 पैकेट बरामद, गांजा और कार समेत करीब 40 लाख रुपये की संपत्ति जब्त; आरोपी से नेटवर्क को लेकर पूछताछ

CBN36 जशपुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 60 किलो गांजा के साथ एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी ओडिशा से गांजा लेकर वैन्यू कार से उत्तर प्रदेश जा रहा था। पुलिस ने बागबहार के गांधी चौक के पास घेराबंदी कर उसे पकड़ा। वाहन की डिक्की से प्लास्टिक टेप में लिपटे 60 पैकेट बरामद हुए। गांजे की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख और वाहन की कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।

मुखबिर की सूचना पर तड़के घेराबंदी

पुलिस के मुताबिक 31 अगस्त की सुबह करीब चार से पांच बजे के बीच जशपुर पुलिस की टेक्निकल टीम और विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा की ओर से वैन्यू कार क्रमांक UP-91-U 6302 में बड़ी मात्रा में गांजा लाया जा रहा है। सूचना वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाई गई। डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में बागबहार पुलिस ने तत्काल संभावित रास्तों पर नाकाबंदी कर दी।

कुछ देर बाद गांधी चौक के पास संदिग्ध वैन्यू कार दिखाई दी। पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोका और चालक से पूछताछ की। चालक ने अपना नाम विकास चौधरी (27), निवासी समस्तीपुर, बिहार, वर्तमान निवास गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश बताया।

डिक्की खुलते ही सामने आया गांजे का जखीरा

गवाहों की मौजूदगी में पुलिस ने वाहन की विधिवत तलाशी ली। डिक्की में प्लास्टिक टेप से लिपटे 60 पैकेट मिले। पैकेट खोलकर जांच की गई तो उनमें करीब 60 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा और तस्करी में इस्तेमाल वैन्यू कार को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

ओडिशा से यूपी तक फैले नेटवर्क की जांच

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी के ओडिशा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश जाने की बात सामने आई है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा उसे किस व्यक्ति ने उपलब्ध कराया था और यूपी में किस व्यक्ति तक इसकी डिलीवरी होनी थी। पुलिस तस्करी के पूरे नेटवर्क की एंड-टू-एंड विवेचना कर रही है। मामले में जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

40 लाख की संपत्ति जब्त

  • गांजा: करीब 60 किलो
  • गांजे की अनुमानित कीमत: करीब 30 लाख रुपये
  • वैन्यू कार: करीब 10 लाख रुपये
  • कुल जब्ती: करीब 40 लाख रुपये

मामले में थाना बागबहार में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पर्याप्त साक्ष्य के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया जाएगा।

एसएसपी बोले- नशे के सौदागरों को नहीं बख्शेंगे

डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि नशे के खिलाफ ऑपरेशन आघात लगातार जारी है। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को मजबूत और सक्रिय किया है तथा तकनीकी संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जा रहा है। बागबहार क्षेत्र में करीब 60 किलो गांजा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। मामले की एंड-टू-एंड विवेचना जारी है। नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

कार्रवाई में एसडीओपी पत्थलगांव डॉ. ध्रुवेश कुमार जायसवाल, डीएसपी जशपुर शुभम तिवारी, थाना प्रभारी बागबहार निरीक्षक ललित कुमार यादव, प्रधान आरक्षक लव चौहान, आरक्षक अजय खेस, पवन पैंकरा तथा जशपुर पुलिस की साइबर/टेक्निकल टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS