Explore

Search

August 31, 2026 4:43 pm

त्योहारों में खलल डालने वालों पर रायगढ़ पुलिस की पैनी नजर, बदमाशों को थाने बुलाकर दी सख्त चेतावनी

“एसएसपी आईपीएस शशि मोहन सिंह ने आम नागरिकों से त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील ,कहा कि सुरक्षा के मद्देनजर गुंडा व निगरानी बदमाशों की गतिविधियों पर रहेगी नजर, अपराध किया तो होगी कठोर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई”

CBN36 रायगढ़, 31 अगस्त 2026। आगामी जन्माष्टमी, मेलों एवं विभिन्न सार्वजनिक आयोजनों को लेकर रायगढ़ पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में गुंडा एवं निगरानी बदमाशों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। पुलिस द्वारा ऐसे लोगों को थानों में बुलाकर अपराध, विवाद और उपद्रव से दूर रहने की सख्त हिदायत दी जा रही है।

पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि त्योहारों के दौरान मारपीट, विवाद, शराबखोरी, उपद्रव अथवा किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल होने वालों के खिलाफ किसी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी। शिकायत या अपराध में संलिप्तता पाए जाने पर तत्काल वैधानिक एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएगी।

खरसिया, छाल और भूपदेवपुर में बदमाशों को दी समझाइश

इसी कड़ी में 30 अगस्त को एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव के मार्गदर्शन में थाना खरसिया, छाल एवं भूपदेवपुर क्षेत्र के गुंडा एवं निगरानी बदमाशों को थाने बुलाकर समझाइश दी गई। खरसिया थाना में एसडीओपी सतीश भार्गव ने बदमाशों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि वे अपराध का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में रहें और आगामी त्योहारों के दौरान किसी भी अनैतिक, अवैधानिक अथवा उपद्रवकारी गतिविधि से दूर रहें।

उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के खिलाफ शिकायत मिलने या अपराध में संलिप्तता पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। त्योहार आम नागरिकों के लिए खुशी और आस्था का अवसर हैं, इसलिए किसी को भी कानून-व्यवस्था बिगाड़ने अथवा आमजन की शांति भंग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

चक्रधरनगर में डीएसपी राहुल उईके की दो टूक चेतावनी

इसी क्रम में 31 अगस्त को थाना चक्रधरनगर में क्षेत्र के गुंडा एवं निगरानी बदमाशों को थाना परिसर में हाजिर कराया गया। डीएसपी राहुल उईके ने उन्हें अपराध एवं विवाद से दूर रहने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि यदि किसी बदमाश के खिलाफ शिकायत मिलती है या वह किसी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ कठोर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएगी।

डीएसपी उईके ने थाना प्रभारी चक्रधरनगर राकेश मिश्रा को गुंडा एवं निगरानी बदमाशों की नियमित जांच करने, उनकी गतिविधियों एवं आवागमन पर नजर रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

त्योहारों पर चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस की नजर

जन्माष्टमी, मेलों एवं अन्य सार्वजनिक आयोजनों को देखते हुए रायगढ़ पुलिस ने संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती, लगातार पेट्रोलिंग, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग के साथ डायल-112 की टीमों को भी अलर्ट रखा गया है।

पुलिस अधिकारी थाना क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। भीड़भाड़ वाले स्थानों, प्रमुख मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जा रही है, ताकि नागरिक बिना किसी भय के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मना सकें।

एसएसपी शशि मोहन सिंह की अपील

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने आम नागरिकों से त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस की व्यापक व्यवस्था की गई है। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, विवाद या उपद्रव की जानकारी मिलने पर नागरिक तत्काल पुलिस को सूचना दें।

रायगढ़ पुलिस ने साफ कर दिया है कि त्योहारों की शांति और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी और जरूरत पड़ने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS