CBN36 रायपुर। छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की प्रक्रिया के बीच मुस्लिम समाज की ओर से मंगलवार, 1 सितंबर को रायपुर में एक दिवसीय बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में UCC को लेकर समाज के बुद्धिजीवियों और अन्य प्रतिनिधियों से सुझाव लिए जाएंगे। इन सुझावों को राज्य स्तरीय समान नागरिक संहिता समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने बताया कि बैठक 1 सितंबर को गुरु घासीदास ऑडिटोरियम, कार्यालय छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के सामने, कलेक्ट्रेट चौक, रायपुर में होगी। बैठक की सूचना रायपुर की विभिन्न मस्जिदों में जुमा की नमाज के दौरान ऐलान के माध्यम से दी गई है।
दो प्रतियों में लिखित सुझाव लाने की अपील
आयोजकों ने मुस्लिम समाज के लोगों से UCC के संबंध में अपने सुझाव लिखित रूप में लाने की अपील की है। सुझाव अध्यक्ष, समान नागरिक संहिता समिति, छत्तीसगढ़ के नाम संबोधित करते हुए दो प्रतियों में प्रस्तुत करने को कहा गया है।
बैठक में शहर काजी कारी डॉ. मोहम्मद इमरान अशरफी मुख्य अतिथि के रूप में तथा वरिष्ठ अधिवक्ता फैसल रिजवी अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहेंगे। बैठक में प्राप्त सुझावों को संकलित करने के बाद शाम चार बजे समान नागरिक संहिता समिति, छत्तीसगढ़ के सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
प्रधान संपादक




