
अंतिम दिन निकली साइकिल रैली, फिट इंडिया और खेलो इंडिया का दिया संदेश
CBN36 बिलासपुर। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर दक्षिण पूर्वी कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) मुख्यालय में 24 से 30 अगस्त तक आयोजित सप्ताहभर के ‘कॉलोनी स्पोर्ट्स-2026’ का रविवार को सफल समापन हुआ। अंतिम दिन SECL डीएवी स्कूल परिसर से साइकिल रैली निकाली गई। इसमें अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
सप्ताहभर चले खेल महोत्सव में वॉलीबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, लॉन टेनिस, स्केटिंग, फुटबॉल और एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताएं वसंत विहार और इंदिरा विहार टाउनशिप के स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुईं। प्रतिभागियों ने खेल कौशल के साथ अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना का परिचय दिया।
साइकिल रैली से दिया फिटनेस का संदेश

आयोजन के अंतिम दिन सुबह SECL डीएवी स्कूल परिसर से साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली में बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिवारजन शामिल हुए। इस दौरान महाप्रबंधक (मानव संसाधन/कल्याण) बीसी सेठी और डीएवी पब्लिक स्कूल SECL बिलासपुर के प्राचार्य के. पार्थीपन विशेष रूप से मौजूद रहे।
रैली के जरिए नियमित व्यायाम, स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। प्रतिभागियों ने ‘फिट इंडिया’ और ‘खेलो इंडिया’ की भावना को भी मजबूत किया।
खेलों से बढ़ता है टीम भावना का विकास

एसईसीएल प्रबंधन के अनुसार खेल केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए ही महत्वपूर्ण नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास का भी विकास होता है। इसी उद्देश्य से अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारों को खेल गतिविधियों से जोड़ने के लिए ‘कॉलोनी स्पोर्ट्स-2026’ का आयोजन किया गया।
सप्ताहभर चले आयोजन में कर्मचारियों और उनके परिवारजनों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही। राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित यह खेल महोत्सव SECL में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा।
प्रधान संपादक




