फर्जी कॉल-संदेश, ऑनलाइन धोखाधड़ी और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग को लेकर दी महत्वपूर्ण जानकारी
CBN36 बिलासपुर ।ज्ञानदीप उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों को साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी एवं डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से साइबर जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य डॉ. अखिलेश कटाक्वार, राष्ट्रीय सेवा योजना अधिकारी श्री देव कश्यप एवं सब-इंस्पेक्टर श्रीमती पुष्पा सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान सब-इंस्पेक्टर श्रीमती पुष्पा सिंह ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव के महत्वपूर्ण उपायों की जानकारी दी। उन्होंने फर्जी कॉल एवं संदेशों, ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा व्यक्तिगत जानकारी और पासवर्ड को गोपनीय रखने के संबंध में विद्यार्थियों को जागरूक किया। उन्होंने विद्यार्थियों से किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने और अनजान व्यक्तियों के साथ संवेदनशील जानकारी साझा नहीं करने की अपील की।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. अखिलेश कटाक्वार ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहने तथा डिजिटल संसाधनों का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। वहीं राष्ट्रीय सेवा योजना अधिकारी श्री देव कश्यप ने विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक रहने के साथ-साथ अपने परिवार एवं समाज के अन्य लोगों को भी साइबर अपराध और डिजिटल धोखाधड़ी के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को “सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और साइबर अपराध से बचें” का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सुरक्षित एवं जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार की समझ विकसित करना रहा।
प्रधान संपादक




