Explore

Search

August 30, 2026 1:31 am

खेल प्रतिभाओं को तलाशने-तराशने के लिए सरकार प्रतिबद्ध: मुख्यमंत्री साय

राष्ट्रीय खेल दिवस पर 126 खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को राज्य खेल अलंकरण, 666 खिलाड़ियों को 1.74 करोड़ रुपये से अधिक की पुरस्कार राशि

CBN36 रायपुर, 29 अगस्त। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शनिवार को राजधानी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में राज्य खेल अलंकरण समारोह आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 के 126 उत्कृष्ट खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को राज्य खेल अलंकरण से सम्मानित किया। समारोह में राज्य खेल अलंकरण प्राप्त खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों के अलावा 540 अन्य खिलाड़ियों को भी नगद प्रोत्साहन राशि दी गई। इस तरह कुल 666 खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को 1 करोड़ 74 लाख 19 हजार रुपये की पुरस्कार एवं प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि खेल के मैदान में खिलाड़ी का परिश्रम, अनुशासन और संघर्ष केवल उसकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं होता, बल्कि उसकी सफलता से प्रदेश और देश का गौरव बढ़ता है। छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि संसाधनों और अवसरों की कमी के कारण प्रदेश की कोई प्रतिभा पीछे न रह जाए।

156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए खुला सरकारी नौकरी का रास्ता

मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों के प्रदर्शन को प्रोत्साहित करने के साथ उनके भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में भी सरकार काम कर रही है। हाल ही में प्रदेश के 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सूची जारी की गई है। इससे उनके लिए शासकीय सेवा में नियुक्ति का रास्ता खुला है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को सम्मान और प्रोत्साहन के साथ बेहतर करियर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इससे युवाओं में खेल को करियर के रूप में अपनाने का विश्वास बढ़ेगा।

बस्तर ओलंपिक में 3.91 लाख युवाओं ने लिया हिस्सा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। उन्हें केवल पहचान, प्रशिक्षण और उचित मंच देने की जरूरत है। इसी उद्देश्य से पिछले दो वर्षों से बस्तर ओलंपिक का आयोजन किया जा रहा है। पहले आयोजन में 1.65 लाख युवाओं ने हिस्सा लिया था, जबकि दूसरे वर्ष यह संख्या बढ़कर 3.91 लाख हो गई। उन्होंने इसे बस्तर के युवाओं में बढ़ते आत्मविश्वास और सकारात्मक बदलाव का प्रमाण बताया।

सरगुजा ओलंपिक और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के जरिए भी प्रदेश की स्थानीय प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिल रहा है।

मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के लिए 100 करोड़ रुपये

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार खेलों और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए पांच मिशन पर काम कर रही है। इनमें मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन प्रमुख है, जिसके लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। सरकार का लक्ष्य केवल प्रतियोगिताएं आयोजित करना नहीं, बल्कि प्रतिभा की पहचान से लेकर प्रशिक्षण, आधुनिक संसाधन, खेल अधोसंरचना और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के मंच तक पहुंचाने की पूरी व्यवस्था तैयार करना है।

नवा रायपुर और पंडरापाट में बन रही तीरंदाजी अकादमी

प्रदेश में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए कुनकुरी, रायगढ़ और रायपुर में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित किए जा रहे हैं। नवा रायपुर में करीब 67 करोड़ रुपये की लागत से तीरंदाजी अकादमी का निर्माण किया जा रहा है। वहीं पहाड़ी कोरवा समुदाय की पारंपरिक तीरंदाजी प्रतिभा को निखारने के लिए पंडरापाट में करीब 18 करोड़ रुपये की लागत से तीरंदाजी अकादमी विकसित की जा रही है।

अरुण साव बोले- छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं

उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ की भौगोलिक विविधता विभिन्न खेलों के लिए अनुकूल है। प्रदेश में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत उन्हें पहचानने और आगे बढ़ने के अवसर देने की है। उन्होंने बिलासपुर खेल अकादमी की गीता यादव और मधु सिदार के एशिया कप के लिए भारतीय टीम में चयन को प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया।

केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं और प्रोत्साहन मिलने से देश में खेलों के प्रति सकारात्मक वातावरण बना है। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी ओलंपिक, एशियन गेम्स और राष्ट्रमंडल खेलों जैसे बड़े मंचों पर पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

तीन वर्षों के खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को मिला सम्मान

समारोह में शहीद राजीव पाण्डेय पुरस्कार, शहीद कौशल यादव पुरस्कार, वीर हनुमान सिंह पुरस्कार, शहीद पंकज विक्रम सम्मान, शहीद विनोद चौबे सम्मान और मुख्यमंत्री ट्रॉफी प्रदान की गई। वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 के उत्कृष्ट खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया।

समारोह में विधायक पुरन्दर मिश्रा, मोतीलाल साहू और सुनील सोनी सहित विभिन्न आयोगों, खेल संघों और छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के पदाधिकारी, खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक मौजूद रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS