मारपीट की सूचना पर पहुंची थी पुलिस, तनावपूर्ण हालात में भी संभाली कानून-व्यवस्था; घायल होने के बाद भी जवानों ने फिर संभाली ड्यूटी
CBN36 बिलासपुर। थाना कोतवाली क्षेत्र में दो पक्षों के बीच मारपीट की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। घटना में नौ पुलिसकर्मी घायल हो गए। तनावपूर्ण और विषम परिस्थितियों के बावजूद पुलिसकर्मियों ने संयम और साहस का परिचय देते हुए स्थिति को नियंत्रित किया और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की।
28 अगस्त को कोतवाली क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। उस समय दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था। पुलिसकर्मी दोनों पक्षों को समझाइश देकर विवाद शांत कराने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव में ड्यूटी पर तैनात नौ पुलिसकर्मियों को चोटें आईं।
घायल होने के बाद भी लौटे ड्यूटी पर
घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया गया। पुलिस विभाग के मुताबिक, चोटिल होने के बावजूद पुलिसकर्मियों ने उपचार कराया और इसके बाद दोबारा ड्यूटी पर पहुंचकर अपनी जिम्मेदारी निभाई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर ने पुलिसकर्मियों के साहस, संयम, जज्बे और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की है।
कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं
एसएसपी राजनेश सिंह ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान पुलिस द्वारा पूर्ण संयम बरतते हुए कानून के दायरे में कार्रवाई की जाती है। किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। पुलिस टीम पर पथराव जैसी घटना को गंभीरता से लिया जा रहा है।
अफवाहों से बचने की अपील

कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया पर किसी भी अपुष्ट या भ्रामक जानकारी को प्रसारित न करें। शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
प्रधान संपादक




