“वृद्धावस्था से 4, अन्य कारणों से 2 पशुओं की मौत की पुष्टि; बारिश से गौधाम में हुआ जलभराव, 300 पशुओं को सुरक्षित जगह शिफ्ट करने के निर्देश”
CBN36 बिलासपुर ।जिले के मस्तूरी विकासखंड के ग्राम ओखर स्थित गौधाम में पशुओं की मौत के मामले में पशु चिकित्सा विभाग ने जांच पूरी कर रिपोर्ट कलेक्टर संजय अग्रवाल को सौंप दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले तीन दिनों में गौधाम में कुल छह पशुओं की मौत हुई। इनमें चार पशुओं की मौत वृद्धावस्था के कारण, जबकि दो की मृत्यु अन्य कारणों से होने की पुष्टि हुई है।
कलेक्टर के निर्देश पर मौके पर पहुंची टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर आईएएस संजय अग्रवाल ने तत्काल जांच के निर्देश दिए थे। इसके बाद संयुक्त संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. गोपाल शरण सिंह के नेतृत्व में पशु चिकित्सकों की टीम ओखर गौधाम पहुंची। टीम ने मौके का निरीक्षण करने के साथ मृत पशुओं का पोस्टमार्टम किया और स्थिति का विस्तृत जायजा लिया।
भारी बारिश से गौधाम में जलभराव
जांच में सामने आया कि हाल में हुई अत्यधिक बारिश के चलते गौधाम परिसर में जलभराव की स्थिति बन गई थी। रिपोर्ट के अनुसार, 21 अगस्त 2026 को गौधाम में पशुओं को विस्थापित किया गया था। फिलहाल ग्राम पंचायत ओखर के करीब 300 पशु यहां मौजूद हैं।
300 पशुओं को सुरक्षित जगह किया जाएगा शिफ्ट
पशुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। ग्राम पंचायत ओखर के सरपंच की सहमति से गौधाम में मौजूद सभी 300 पशुओं को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पशुओं को चराने के लिए बाहर ले जाने की व्यवस्था करने को कहा गया है।
स्वास्थ्य पर प्रशासन की नजर
जिला प्रशासन ने पशुओं के स्वास्थ्य की लगातार निगरानी के निर्देश दिए हैं। पशु चिकित्सा विभाग की टीम भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है, ताकि बारिश और जलभराव के कारण पशुओं के स्वास्थ्य पर कोई और प्रतिकूल असर न पड़े।
प्रधान संपादक




