Explore

Search

August 27, 2026 6:43 pm

एक राखी साइबर जागृति की: जांजगीर-चांपा ने रचा इतिहास

एक घंटे में 1.50 लाख से अधिक लोगों को बांधी गई साइबर जागृति की राखी, 432 गांवों से लेकर शहर तक एक साथ गूंजा साइबर सुरक्षा का संदेश

CBN36 जांजगीर-चांपा। राखी के पवित्र बंधन को साइबर सुरक्षा के संकल्प से जोड़ते हुए जांजगीर-चांपा पुलिस ने गुरुवार को ऐसा अभिनव अभियान चलाया, जिसने जिले को नई पहचान दिला दी। “एक राखी साइबर जागृति की” अभियान के तहत सुबह 11 से 12 बजे के बीच महज एक घंटे में जिलेभर में 1 लाख 50 हजार से अधिक लोगों को साइबर जागृति की राखी बांधी गई। अभियान की शुरुआत जिला न्यायालय परिसर से की गई।

पुलिस के इस अनूठे अभियान में जिले के 432 गांवों, शहरी वार्डों, 336 पंचायतों, शासकीय कार्यालयों, कॉलेजों, हायर सेकेंडरी स्कूलों, औद्योगिक एवं अन्य प्रतिष्ठानों में एक साथ साइबर सुरक्षा का संदेश दिया गया। लोगों को साइबर अपराधों से बचने की शपथ दिलाई गई।

एक घंटे में डेढ़ लाख से ज्यादा लोगों तक पहुंचा संदेश

अभियान का सबसे बड़ा आकर्षण इसका व्यापक स्तर रहा। निर्धारित एक घंटे में पुलिस, महिला कमांडो, ग्राम कोटवार, स्व-सहायता समूहों सहित विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से जिलेभर में लोगों की कलाई पर “साइबर जागृति की राखी” बांधी गई। राखी के साथ लोगों को साइबर ठगी से बचाव के उपाय भी बताए गए।

432 गांवों में एक साथ गूंजा साइबर सुरक्षा का संदेश

जिले के 432 गांवों में एक साथ अभियान चलाकर ग्रामीणों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। शहरों के वार्डों के साथ शासकीय संस्थानों, शिक्षण संस्थानों और अन्य प्रतिष्ठानों में भी लोगों ने अभियान में सहभागिता निभाई।

राखी के बंधन से जोड़ा साइबर सुरक्षा का संकल्प

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक आईपीएस विजय पाण्डेय ने कहा कि राखी केवल भाई-बहन के रिश्ते का प्रतीक नहीं, बल्कि सुरक्षा और विश्वास का भी प्रतीक है। इसी भावना को साइबर सुरक्षा से जोड़ते हुए हर व्यक्ति को स्वयं सुरक्षित रहने और दूसरों को भी साइबर अपराध से बचाने का संकल्प लेना चाहिए।

फर्जी लिंक से लेकर OTP तक, बताए बचाव के तरीके

अभियान के दौरान लोगों को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, किसी भी अनजान व्यक्ति से OTP या बैंक संबंधी जानकारी साझा नहीं करने, सोशल मीडिया पर सावधानी बरतने और साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत करने की जानकारी दी गई।

गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ अभियान

जिलेभर में एक साथ आयोजित इस विशाल अभियान का गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की छत्तीसगढ़ राज्य प्रभारी सोनल राजेश शर्मा द्वारा सत्यापन किया गया। अभियान की उपलब्धि पर कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया गया। इस उपलब्धि के साथ जांजगीर-चांपा पुलिस की यह पहल जिले के लिए गौरव का विषय बन गई है।

राखी बनाने में महिला कमांडो से लेकर जेल के बंदियों तक का योगदान

“साइबर जागृति की राखी” तैयार करने में जिला पुलिस के साथ महिला कमांडो, महिला स्व-सहायता समूहों और जिला जेल के कैदियों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस सामूहिक प्रयास ने अभियान को जनभागीदारी का स्वरूप दे दिया।

ऑडिटोरियम में हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम

मुख्य कार्यक्रम जांजगीर के ऑडिटोरियम हॉल में आयोजित किया गया। इसमें कलेक्टर जनमेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय सहित गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की राज्य प्रभारी सोनल राजेश शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार, डीएसपी मुख्यालय विजय पैकरा, डीएसपी अजाक सतरूपा तारम, सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी, साइबर प्रभारी भास्कर शर्मा सहित पुलिस अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

राखी का बंधन, साइबर सुरक्षा का संकल्प-सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।

जांजगीर-चांपा पुलिस की इस पहल ने यह संदेश दिया कि साइबर अपराध के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS