Explore

Search

August 26, 2026 1:54 am

72.661 किलो गांजा के साथ दो अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

गोंदिया में आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, चार ट्रॉली बैग से 69 पैकेट बरामद

CBN36 बिलासपुर, 25 अगस्त 2026। रेलवे सुरक्षा बल द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन नारकोस’ के तहत आरपीएफ गोंदिया की अपराध गुप्तचर शाखा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 69 पैकेट में कुल 72.661 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 36.33 लाख रुपये बताई गई है।

गोपनीय सूचना के आधार पर 24 अगस्त को आरपीएफ क्राइम टीम गोंदिया के अधिकारियों और जवानों ने गाड़ी संख्या 22827 पुरी-सूरत एक्सप्रेस में दरेंकसा-गोंदिया के बीच कार्रवाई की। ट्रेन के कोच बी-5 में चार ट्रॉली बैग के साथ संदिग्ध अवस्था में यात्रा कर रहे एक महिला और एक पुरुष यात्री को पकड़ा गया।

पूछताछ में आरोपियों की पहचान टूकु नायक (38) और ईश्वरी बेहरा उर्फ इशू (35), निवासी कांटाभाजी, बलांगीर, ओडिशा के रूप में हुई। तलाशी के दौरान चारों ट्रॉली बैग से 69 पैकेट में 72.661 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा कांटाभाजी, ओडिशा से ट्रेन के जरिए भुसावल, महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था। आरोपियों ने पूर्व में भी करीब 10 बार गांजा तस्करी किए जाने की जानकारी दी। अभिलेखों के अनुसार उनके खिलाफ ओडिशा के विभिन्न स्थानों में पूर्व के आपराधिक प्रकरण भी दर्ज पाए गए हैं।

आरपीएफ ने एनडीपीएस एक्ट के तहत आवश्यक कार्रवाई पूरी कर दोनों आरोपियों को बरामद गांजा सहित जीआरपी गोंदिया के सुपुर्द कर दिया। जीआरपी गोंदिया ने 25 अगस्त को अपराध क्रमांक 153/2026 के तहत धारा 8(c), 20(b)ii(c) और 29 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर आगे की विवेचना शुरू कर दी है।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा ट्रेनों और रेल परिसरों में मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध परिवहन रोकने के लिए लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। ‘ऑपरेशन नारकोस’ के तहत आरपीएफ की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई को मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS