Explore

Search

August 26, 2026 1:39 am

सड़क सुरक्षा को लेकर कलेक्टर-एसएसपी सख्त

आठ माह में 212 लोगों की मौत, 161 ने मोटरसाइकिल हादसों में गंवाई जान

अतिक्रमण पर हर सप्ताह संयुक्त टीम की कार्रवाई, आवारा पशुओं पर भी होगी सख्ती

CBN36 बिलासपुर, 25 अगस्त। जिले में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों को लेकर कलेक्टर आईएएस संजय अग्रवाल और एसएसपी आईपीएस रजनेश सिंह ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को जिला कार्यालय के मंथन सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में अधिकारियों ने हादसों के कारणों की समीक्षा की। कलेक्टर ने साफ कहा कि सड़क सुरक्षा किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ हादसों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने होंगे।

फुटपाथ पर कब्जा करने वालों पर कार्रवाई

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि फुटपाथ पैदल यात्रियों के लिए बनाए गए हैं और उन पर पहला अधिकार भी पैदल चलने वालों का है। उन्होंने नगर निगम को फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी रखने के निर्देश दिए। सड़क किनारे अवैध कब्जे और यातायात में बाधा बनने वाली गतिविधियों पर भी नियमित कार्रवाई होगी।

राजस्व, पुलिस, राष्ट्रीय राजमार्ग और नगर निगम की संयुक्त टीम अब हर सप्ताह आकस्मिक कार्रवाई करेगी। टीम सड़क किनारे अतिक्रमण, यातायात में बाधा और सड़क सुरक्षा से जुड़ी कमियों को चिन्हित कर तत्काल कार्रवाई करेगी। कलेक्टर ने कहा कि सड़क सुरक्षा और अतिक्रमण के मामलों की न्यायालयों द्वारा भी निगरानी की जा रही है, ऐसे में नियमों का पालन कराने में किसी तरह की ढिलाई नहीं होनी चाहिए।

आठ महीने में 212 मौत, 161 मोटरसाइकिल हादसों में

एसएसपी रजनेश सिंह ने बैठक में जिले में सड़क हादसों के चिंताजनक आंकड़े सामने रखे। उन्होंने बताया कि इस वर्ष के शुरुआती आठ महीनों में सड़क दुर्घटनाओं में 212 लोगों की जान जा चुकी है। इनमें 161 मौतें मोटरसाइकिल दुर्घटनाओं में हुई हैं। अधिकांश मामले आमने-सामने की टक्कर से जुड़े हैं।

एसएसपी ने कहा कि कई मामलों में हेलमेट जान बचाने में कारगर साबित हो सकता था। उन्होंने सड़क हादसों में होने वाली मौतों को न्यूनतम करना सभी विभागों का साझा लक्ष्य बताया।

सड़कों पर बैठे आवारा पशु भी बने चुनौती

एसएसपी ने सड़क पर आवारा पशुओं के बैठे रहने को भी हादसों का बड़ा कारण बताया। उन्होंने बताया कि जिले में आठ नए गोधाम स्वीकृत किए गए हैं। इससे पशुओं के लिए सुरक्षित ठिकाना उपलब्ध होगा। संबंधित विभागों को समन्वय कर पशुओं को सड़कों से हटाकर सुरक्षित स्थानों पर रखने के निर्देश दिए गए।

जवाली नाला और गुरुनानक चौक पर विशेष निगरानी

शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर भी बैठक में विशेष चर्चा हुई। एसएसपी ने जवाली नाला और गुरुनानक चौक समेत यातायात दबाव वाले क्षेत्रों में बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन के निर्देश दिए। आगामी त्योहारों के दौरान विभिन्न स्थानों पर लगाए जाने वाले मंडपों की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।

मंडपों में विद्युत कनेक्शन के लिए अवैध हुकिंग पर रोक लगाने और इसकी सख्ती से निगरानी करने को कहा गया, ताकि करंट और आग जैसी दुर्घटनाओं की आशंका को टाला जा सके।

हाईवे के आसपास निर्माण पर भी रहेगी नजर

बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों के आसपास भवन निर्माण और भूमि उपयोग के नियमों पर भी अधिकारियों को सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए। राष्ट्रीय राजमार्ग के केंद्र से 40 मीटर के दायरे में आवासीय और 75 मीटर के दायरे में व्यावसायिक भूमि उपयोग से संबंधित प्रतिबंधों का पालन सुनिश्चित कराने को कहा गया। नियमों के विपरीत गतिविधियां पाए जाने पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, एडिशनल एसपी पंकज पटेल, एडिशनल एसपी ट्रैफिक करियारे, आरटीओ, एसडीएम, लोक निर्माण विभाग, नगर निगम, राष्ट्रीय राजमार्ग और पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS