Explore

Search

August 25, 2026 11:20 pm

‘मेरी सगी बहन नहीं… आज माधुरी जी ने वह कमी पूरी कर दी’, राखी बंधवाकर भावुक हुए सीएम साय

CBN36 रायपुर, 25 अगस्त। रक्षाबंधन से पहले राजधानी रायपुर में भाई-बहन के स्नेह और शहीदों के सम्मान का भावुक दृश्य देखने को मिला। बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित ‘स्नेह की डोर’ कार्यक्रम में नक्सली मुठभेड़ में शहीद हुए उप निरीक्षक युगल किशोर वर्मा की पत्नी माधुरी वर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की कलाई पर राखी बांधी। राखी बंधवाते समय मुख्यमंत्री भावुक हो गए।

बोले मुख्यमंत्री- सगी बहन से भी बढ़कर बहन मिली

माधुरी वर्मा द्वारा राखी बांधे जाने के बाद मुख्यमंत्री साय ने भावुक होकर कहा, “मेरी कोई सगी बहन नहीं है। हम लोग भाई ही भाई हैं। आज माधुरी जी ने मेरी कलाई पर राखी बांधी है। मुझे सगी बहन से भी बढ़कर बहन मिली है।” मुख्यमंत्री के इन शब्दों के साथ कार्यक्रम का माहौल भावुक हो गया।

शहीद परिवार को अपना परिवार बताया

मुख्यमंत्री ने माधुरी वर्मा को भरोसा दिलाया कि शहीद युगल किशोर वर्मा का परिवार उनका अपना परिवार है। उन्होंने कहा कि शहीदों के परिवार कभी अकेले नहीं हैं। उनके सुख-दुःख, सम्मान और भविष्य की चिंता करना सरकार का दायित्व ही नहीं, बल्कि सभी का आत्मीय कर्तव्य है।

‘माधुरी की राखी से जिम्मेदारी और गहरी हुई’

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज बहन माधुरी ने उन्हें राखी बांधी है। ऐसे में एक भाई के रूप में उनके परिवार के प्रति जिम्मेदारी और भी गहरी हो गई है। उन्होंने शहीद परिवारों के प्रति सरकार की संवेदनशीलता और सम्मान दोहराया।

शहीद युगल किशोर वर्मा के बलिदान को किया नमन

मुख्यमंत्री साय ने शहीद उप निरीक्षक युगल किशोर वर्मा के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ अपने वीर जवानों और उनके परिवारों का सदैव ऋणी रहेगा। उन्होंने कहा कि जवानों ने अपना आज इसलिए न्योछावर किया, ताकि छत्तीसगढ़ की आने वाली पीढ़ियों का कल सुरक्षित रह सके।

राखी बनी शहादत और स्नेह की डोर

‘स्नेह की डोर’ कार्यक्रम में बंधी यह राखी महज भाई-बहन के रिश्ते का प्रतीक नहीं रही, बल्कि शहीद के परिवार और प्रदेश के मुखिया के बीच सम्मान, संवेदना और जिम्मेदारी के रिश्ते की भी गवाह बनी। माधुरी वर्मा ने अपने शहीद पति की स्मृति के साथ मुख्यमंत्री को राखी बांधी, जिसे मुख्यमंत्री ने आत्मीयता से स्वीकार किया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS