Explore

Search

August 1, 2026 6:56 pm

40 साल तक निभाया वर्दी का फर्ज, भावुक माहौल में दी गई विदाई

एसएसपी रजनेश सिंह बोले-ध्रुव पाण्डेय की ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा

CBN36 बिलासपुर। लगभग चार दशक तक पुलिस विभाग में पूरी निष्ठा, अनुशासन और ईमानदारी के साथ सेवा देने वाले यातायात शाखा के प्रधान आरक्षक ध्रुव कुमार पाण्डेय को शनिवार को बिलासगुड़ी स्थित रक्षित केंद्र में भावभीनी विदाई दी गई। सम्मान समारोह में अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके सेवाकाल को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपने पूरे कार्यकाल में कर्तव्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और अपने व्यवहार से सभी का दिल जीता।

समारोह के मुख्य अतिथि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने कहा कि ध्रुव पाण्डेय ने लगभग 40 वर्षों की सेवा के दौरान अनुशासन, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की ऐसी मिसाल पेश की है, जो पुलिस विभाग के युवा अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगी। उन्होंने कहा कि एक कर्मठ और समर्पित पुलिसकर्मी के रूप में उनकी पहचान विभाग की अमूल्य धरोहर है।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे ने भी ध्रुव पाण्डेय के सरल, सौम्य और सहयोगी व्यक्तित्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि उनका लंबा और निष्कलंक सेवाकाल पुलिस विभाग के लिए गौरव का विषय है। अधिकारियों ने उनके स्वस्थ, सुखमय और दीर्घायु सेवानिवृत्त जीवन की शुभकामनाएं भी दीं।

समारोह के दौरान ध्रुव पाण्डेय की पत्नी श्रीमती अनामिका पाण्डेय तथा उनके दोनों पुत्र भी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने शाल और स्मृति-चिह्न भेंट कर उनका सम्मान किया। इस दौरान कई अधिकारी और कर्मचारियों ने उनके साथ बिताए कार्यकाल की यादें साझा कीं, जिससे समारोह का माहौल भावुक और आत्मीय हो गया।

कार्यक्रम में डीएसपी लाइन मंजूलता केरकेट्टा, सीएसपी कोतवाली टिकेश्वर प्रसाद यादव, डीएसपी सुदीप सरकार, रक्षित निरीक्षक भूपेन्द्र कुमार गुप्ता, मुख्य लिपिक रफीक खान सहित पुलिस विभाग के अनेक अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS