Explore

Search

July 23, 2026 10:22 pm

ऑनलाइन हुई नए बिजली कनेक्शन की प्रक्रिया, अब घर बैठे करें आवेदन

बिलासपुर,CBN36।नए बिजली कनेक्शन के लिए अब बिजली दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) ने नई व्यवस्था लागू करते हुए नए विद्युत कनेक्शन की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन कर दी है। उपभोक्ता अब कंपनी की वेबसाइट, ‘मोर बिजली’ मोबाइल ऐप या कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के माध्यम से घर बैठे आवेदन कर सकेंगे।

बिजली कंपनी के अनुसार 1 अप्रैल 2026 से नए बिजली कनेक्शन के सभी आवेदन केवल ऑनलाइन स्वीकार किए जा रहे हैं। आवेदन मिलने के बाद तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा में पूरी कर उपभोक्ताओं को कनेक्शन उपलब्ध कराया जाएगा।

कार्यपालक निदेशक ए.के. अम्बस्थ ने बताया कि उपभोक्ता सेवाओं को अधिक सरल, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए डिजिटल तकनीक का लगातार विस्तार किया जा रहा है। ऑनलाइन व्यवस्था से समय और श्रम की बचत होगी, वहीं आवेदन प्रक्रिया की निगरानी भी आसान होगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से अधिक से अधिक डिजिटल माध्यमों का उपयोग करने की अपील की।

कंपनी ने ऐसे उपभोक्ताओं के लिए भी व्यवस्था की है जो स्वयं ऑनलाइन आवेदन नहीं कर सकते। वितरण केंद्रों, जोन और उपसंभाग कार्यालयों में हेल्प डेस्क बनाई गई हैं, जहां अधिकारी और अभियंता आवेदक के मोबाइल नंबर के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन दर्ज करेंगे।

बिजली कंपनी का कहना है कि यह पहल डिजिटल गवर्नेंस और उपभोक्ता-केंद्रित सेवाओं को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जिससे नागरिकों को तेज, सरल और भरोसेमंद बिजली सेवाएं मिल सकेंगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS