बिलासपुर CBN 36। बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) राम गोपाल गर्ग ने कहा है कि पुलिस का मुख्य लक्ष्य सक्रिय अपराधियों को अपराध की पुनरावृत्ति से रोकना होना चाहिए। इसके लिए प्रिवेंटिव पुलिसिंग को प्रभावी बनाते हुए गुंडा और निगरानी बदमाशों पर सघन निगरानी रखी जाए तथा नियमों के अनुरूप सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मंगलवार को आईजी कार्यालय में आयोजित रेंज स्तरीय ऑनलाइन कार्यशाला में आईजी गर्ग ने बिलासपुर रेंज के सभी पुलिस अधीक्षकों, एसडीओपी और थाना प्रभारियों को अपराध नियंत्रण के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। करीब 200 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों ने कार्यशाला में हिस्सा लिया।

आईजी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक सक्रिय गुंडे की निगरानी के लिए ‘एक गुंडा-एक जवान’ नीति लागू की जाए। जमानत पर छूटने के बाद दोबारा अपराध करने वालों की तत्काल जमानत निरस्त कराने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि निगरानी का उद्देश्य केवल रिकॉर्ड संधारण नहीं, बल्कि अपराध होने से पहले उसे रोकना होना चाहिए।
कार्यशाला में सक्ती के पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने गुंडा एवं निगरानी बदमाशों के प्रबंधन और प्रिवेंटिव पुलिसिंग पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। इस दौरान आदतन अपराधियों का ए और बी श्रेणी में वर्गीकरण, गैंग हिस्ट्री शीट तैयार करने, सरप्राइज चेकिंग की मानक कार्यप्रणाली (एसओपी), डिजिटल व मैनुअल रिकॉर्ड के बेहतर संधारण, ग्राम अपराध नोटबुक के अद्यतन और अंतरजिला-अंतरराज्यीय अपराधियों की निगरानी जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया।
आईजी गर्ग ने स्पष्ट किया कि कार्रवाई पूरी तरह कानून और मानवाधिकारों के दायरे में होनी चाहिए। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए किसी भी वर्ग के खिलाफ मनमानी कार्रवाई से बचने और निजता के अधिकार का सम्मान करने के निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी कहा कि जो व्यक्ति लंबे समय से अपराध छोड़कर सामान्य जीवन जी रहे हैं, उन्हें नियमानुसार निगरानी सूची से हटाया जाए ताकि पुलिस का पूरा ध्यान सक्रिय अपराधियों पर केंद्रित रहे। राष्ट्रीय पर्वों और प्रमुख त्योहारों से पहले सभी थानों में गुंडा-बदमाशों की परेड कराने और उनकी गतिविधियों की समीक्षा करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में आईजी राम गोपाल गर्ग ने सभी जिला पुलिस अधीक्षकों को कार्यशाला में दिए गए निर्देशों की स्वयं नियमित मॉनिटरिंग कर उनका अक्षरशः पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
प्रधान संपादक



