Explore

Search

July 21, 2026 8:45 am

25 लाख की चोरी का चौंकाने वाला खुलासा: घर के भीतर ही निकला ‘चोर’, पुलिस ने घंटों में बरामद कराया पूरा माल

बिलासपुर।कोटा थाना क्षेत्र में 25 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने का मामला कुछ ही घंटों में ऐसा मोड़ ले गया, जिसने सभी को हैरान कर दिया। जिस चोरी को शुरुआत में अज्ञात बदमाश की वारदात माना जा रहा था, उसकी कड़ी घर के ही एक सदस्य तक जा पहुंची। पुलिस की त्वरित जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरा मामला खुल गया।

जानकारी के अनुसार 18 जुलाई को मौहारखार निवासी परिवार ने सूचना दी कि घर से करीब 25 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण गायब हो गए हैं। सूचना मिलते ही कोटा पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए गए।

जांच के दौरान संदेह की सुई परिवार के ही एक युवक, जो शिकायतकर्ता का नाती है, की ओर गई। पुलिस ने पूछताछ की तो उसने घर से आभूषण निकालने की बात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर सोने-चांदी के सभी आभूषण, जिनमें नेकलेस, मंगलसूत्र, झुमके, अंगूठियां, पायल, करधन, बिछिया, चांदी के सिक्के और अन्य कीमती सामान शामिल थे, शत-प्रतिशत बरामद कर लिए गए।

मामले का सबसे दिलचस्प पहलू यह रहा कि आरोपी परिवार का सदस्य होने के कारण शिकायतकर्ता ने उसके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कराने से इनकार कर दिया। परिवार ने इसे घरेलू विवाद बताते हुए आपसी सहमति से समझौता कर लिया और स्टॉम्प पेपर पर लिखित आवेदन देकर पुलिस से किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं करने का आग्रह किया।

कोटा पुलिस की त्वरित कार्रवाई से न केवल चोरी का रहस्य कुछ ही घंटों में सुलझ गया, बल्कि करोड़ों नहीं तो लाखों रुपये के आभूषण भी सुरक्षित परिवार को वापस मिल गए। यह मामला इस बात का भी उदाहरण है कि कई बार बड़ी चोरी की घटनाओं के पीछे बाहरी नहीं, बल्कि घर के भीतर के लोग ही शामिल निकलते हैं।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS