Explore

Search

September 4, 2026 10:46 pm

दर्दनाक हादसा : गिट्टी से लदा ट्रेलर पलटा, सड़क की सफाई कर रही महिला मजदूर की मौत

बिलासपुर। बिलासपुर-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटू ढाबा के पास शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में सड़क की सफाई कर रही महिला मजदूर की ट्रेलर के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई। गिट्टी से लदा तेज रफ्तार ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया और उसकी चपेट में आने से महिला की जान चली गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार भरवीडीह निवासी महिमा कोसले (32 वर्ष) राष्ट्रीय राजमार्ग पर सफाई एवं रखरखाव कार्य में लगी थीं। इसी दौरान बिलासपुर की ओर से आ रहा गिट्टी से भरा ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना अचानक हुआ कि महिमा को संभलने या सुरक्षित स्थान पर जाने का अवसर नहीं मिला और वह ट्रेलर की चपेट में आ गईं। उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना के तुरंत बाद वहां कार्यरत अन्य मजदूरों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की सहायता से पलटे ट्रेलर को हटाकर महिला के शव को बाहर निकाला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

रतनपुर थाने में पदस्थ निरीक्षक निलेश पांडे ने बताया कि प्रथम दृष्टया ट्रेलर के अनियंत्रित होकर पलटने से हादसा हुआ है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

हादसे के बाद स्थानीय लोगों और मजदूरों ने निर्माण एजेंसी एवं संबंधित अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जिस स्थान पर सड़क की सफाई एवं रखरखाव का कार्य चल रहा था, वहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। न तो चेतावनी बोर्ड लगाए गए थे, न बैरिकेडिंग की गई थी और न ही कोई संकेतक लगाए गए थे, जिससे वाहन चालकों को आगे कार्य होने की जानकारी मिल सके। लोगों ने कार्यस्थलों पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने की मांग की है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS