
“एसएसपी का संदेश सुरक्षित मुंगेली का सपना तभी साकार होगा,जब हर नागरिक सतर्क रहेगा और पुलिस का सहयोगी बनेगा,आपकी छोटी–सी सूचना बड़े अपराध को रोक सकती है। आइए, मिलकर मुंगेली को अपराधमुक्त और सुरक्षित जिला बनाएं”
छत्तीसगढ़,मुंगेली।आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प केवल एक नारा नहीं, बल्कि मुंगेली पुलिस की कार्यशैली और प्रतिबद्धता का परिचायक है। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के नेतृत्व में मुंगेली पुलिस अपराधों की रोकथाम और नागरिक सुरक्षा को जनभागीदारी से जोड़ते हुए एक व्यापक जागरूकता अभियान चला रही है।
अपराधों की रोकथाम में आम नागरिकों की भागीदारी को सबसे प्रभावी माध्यम बताते हुए एसएसपी ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, संदिग्ध गतिविधि, अवैध जमावड़े, झगड़े, आपराधिक घटनाओं की आशंका अथवा साइबर अपराध से संबंधित जानकारी तत्काल मुंगेली पुलिस को दें। उनका कहना है कि नागरिकों की समय पर दी गई एक छोटी-सी सूचना भी किसी बड़ी वारदात को टाल सकती है और कई लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकती है।
एसएसपी भोजराम पटेल ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास तथा सहभागिता ही सुरक्षित समाज की सबसे मजबूत नींव है। इसी उद्देश्य से मुंगेली पुलिस “आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प” अभियान के माध्यम से लोगों को जागरूक कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले प्रत्येक नागरिक की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी, जिससे लोग बिना किसी भय के पुलिस तक महत्वपूर्ण जानकारी पहुँचा सकें।
उन्होंने कहा कि बदलते दौर में पारंपरिक अपराधों के साथ-साथ साइबर अपराध भी तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में नागरिकों को विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, बैंक खाते, ओटीपी, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। यदि किसी प्रकार की ऑनलाइन ठगी या साइबर धोखाधड़ी होती है तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर नुकसान को रोका जा सके।
एसएसपी भोजराम पटेल ने कहा कि अपराधमुक्त और सुरक्षित मुंगेली का लक्ष्य केवल पुलिस के प्रयासों से नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक जिम्मेदार नागरिक के सहयोग से ही हासिल किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज करने के बजाय तत्काल पुलिस तक उसकी सूचना पहुंचाएं। इससे अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के साथ-साथ जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सकेगा।
मुंगेली पुलिस ने नागरिकों की सुविधा के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-233-1905 तथा नियंत्रण कक्ष नंबर 9479193044 जारी किया है, जो 24 घंटे, सप्ताह के सातों दिन सक्रिय हैं। पुलिस ने दोहराया कि सतर्क नागरिक, सुरक्षित मुंगेली के संकल्प को साकार करने में हर नागरिक की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
प्रधान संपादक


