Explore

Search

July 18, 2026 5:07 pm

अविश्वास प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का जवाब: जनता का विश्वास ही सरकार की सबसे बड़ी ताकत

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ विधानसभा में विपक्ष द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देते हुए कहा कि यह प्रस्ताव सरकार के खिलाफ नहीं, बल्कि प्रदेश की तीन करोड़ जनता के जनादेश और विश्वास के विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि विधानसभा, लोकसभा और नगरीय निकाय चुनावों में जनता ने विकास, सुशासन और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटी पर भरोसा जताया है, जिसे राज्य सरकार ने पिछले ढाई वर्षों में धरातल पर उतारने का कार्य किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने किसानों, महिलाओं, गरीबों, युवाओं, आदिवासियों और समाज के हर वर्ग के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी, दो वर्षों के बकाया बोनस का भुगतान, महतारी वंदन योजना के तहत लगभग 70 लाख महिलाओं को 18,800 करोड़ रुपये से अधिक की सम्मान राशि तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में गिनाया।

उन्होंने कहा कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए 10.40 लाख से अधिक महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाया गया है। महिलाओं को संपत्ति पंजीयन में रजिस्ट्री शुल्क में 50 प्रतिशत और स्टांप शुल्क में एक प्रतिशत की छूट दी गई है। साथ ही स्व-सहायता समूहों को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए कृषक उन्नति योजना, शून्य प्रतिशत ब्याज पर कृषि ऋण, फसल विविधीकरण, उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता तथा सिंचाई क्षमता विस्तार जैसे कदम उठाए गए हैं। जल संसाधन परियोजनाओं को रिकॉर्ड प्रशासनिक स्वीकृतियां देकर सिंचाई सुविधाओं का विस्तार किया गया है।

आदिवासी विकास पर सरकार की प्रतिबद्धता का उल्लेख करते हुए श्री साय ने कहा कि तेंदूपत्ता संग्राहकों का पारिश्रमिक बढ़ाया गया, चरणपादुका योजना दोबारा शुरू की गई और वनाधिकार पत्रधारकों को राहत देने वाले निर्णय लिए गए। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान और प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पेयजल, आवास और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

कानून-व्यवस्था और नक्सलवाद पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में सुरक्षा, विकास और जनविश्वास की रणनीति से राज्य में शांति का नया वातावरण बना है। रायपुर में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू की गई है तथा साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए नए साइबर थाने स्थापित किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई औद्योगिक नीति के चलते राज्य में निवेश का माहौल मजबूत हुआ है। देश-विदेश में आयोजित निवेश सम्मेलनों के माध्यम से 8.23 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनसे लाखों रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है। वस्त्र उद्योग, सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, एआई-सेज, डेटा सेंटर पार्क और इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में तेजी से काम हो रहा है।

ऊर्जा क्षेत्र की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत 76 हजार से अधिक घरों में सौर संयंत्र लगाए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना से 12 लाख से अधिक उपभोक्ताओं को राहत मिली है तथा किसानों के सिंचाई पंपों का बड़े पैमाने पर ऊर्जीकरण किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खनिज संसाधनों के पारदर्शी उपयोग, डीएमएफ निधि के प्रभावी संचालन और ऑनलाइन व्यवस्थाओं के जरिए प्रदेश के विकास को गति मिली है। अब तक 82 हजार से अधिक विकास कार्य पूरे किए जा चुके हैं। अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई के साथ पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि डिजिटल अधोसंरचना, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है। दूरस्थ क्षेत्रों में 829 मोबाइल टावर स्थापित किए गए हैं तथा भारतनेट फेज-3.0 के माध्यम से हजारों ग्राम पंचायतों को हाई-स्पीड इंटरनेट से जोड़ा जा रहा है। शिक्षा में युक्तियुक्तकरण से शिक्षकविहीन विद्यालयों की समस्या दूर हुई है और आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से अधिकांश परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है।

प्रशासनिक सुधारों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा सेतु के जरिए 36 विभागों की 528 सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई गई हैं। ई-डिस्ट्रिक्ट, ऑटो म्यूटेशन, स्मार्ट रजिस्ट्री कार्यालय और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से नागरिकों को पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवाएं दी जा रही हैं। अब तक 435 प्रशासनिक सुधार लागू किए जा चुके हैं।

पर्यावरण और सांस्कृतिक संरक्षण पर उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत सात करोड़ से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं। वहीं, श्री रामलला दर्शन योजना के माध्यम से हजारों श्रद्धालु अयोध्या धाम की यात्रा कर चुके हैं।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि जनता का विश्वास सरकार की सबसे बड़ी ताकत है और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को पूरा करने के लिए सरकार पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS