Explore

Search

July 18, 2026 3:44 pm

बिलासपुर में जलभराव पर सभी जनप्रतिनिधि मिलकर करें स्थायी समाधान का प्रयास: अभय नारायण राय

बिलासपुर। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता अभय नारायण राय ने बिलासपुर में हुई भारी वर्षा के बाद उत्पन्न जलभराव की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए सभी जनप्रतिनिधियों एवं राजनीतिक दलों के प्रमुखों से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर शहर की जल निकासी व्यवस्था के स्थायी समाधान के लिए सामूहिक प्रयास करने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि हालिया भारी वर्षा से जन-धन की जो हानि हुई है, उसने शहर की जल निकासी व्यवस्था की गंभीर कमियों को उजागर कर दिया है। लगातार और अत्यधिक वर्षा एक कारण अवश्य है, लेकिन यह भी सच है कि हर वर्ष शहर के नए-नए क्षेत्रों में जलभराव की समस्या सामने आ रही है, जिससे नागरिकों को आर्थिक, सामाजिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

अभय नारायण राय ने कहा कि यह समय एक-दूसरे पर दोषारोपण करने का नहीं, बल्कि समस्या से सबक लेकर दीर्घकालिक और वैज्ञानिक समाधान खोजने का है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे मिलकर शहर को जलभराव मुक्त बनाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करें।

उन्होंने कहा कि केंद्र, राज्य और नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। बिलासपुर के सांसद केंद्रीय राज्य मंत्री हैं तथा अरुण साव उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री हैं। इसके अलावा तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह, बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव तथा मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया सहित सभी जनप्रतिनिधियों का सामूहिक दायित्व है कि वे इस गंभीर समस्या पर संयुक्त बैठक आयोजित करें।

उन्होंने सुझाव दिया कि इस बैठक में जल निकासी विशेषज्ञों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा बिलासपुर के सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों को भी शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार शहर के सामाजिक संगठन यातायात सहित विभिन्न जनहित के मुद्दों पर प्रशासन को समय-समय पर सुझाव देकर सकारात्मक भूमिका निभाते रहे हैं, उसी तरह जलभराव की समस्या के समाधान के लिए भी सामूहिक विमर्श और साझा कार्ययोजना बनाई जानी चाहिए।

अभय नारायण राय ने कहा कि बिलासपुर के सुरक्षित, सुव्यवस्थित और जलभराव-मुक्त भविष्य के लिए सभी जनप्रतिनिधियों, प्रशासन, विशेषज्ञों और नागरिक समाज को मिलकर कार्य करना होगा। यही समय की आवश्यकता और हम सभी का सामूहिक दायित्व है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS