Explore

Search

September 3, 2026 10:06 am

सातवीं के छात्र को बाल पकड़कर घसीटा, शिक्षक पर किशोर न्याय अधिनियम के तहत केस

पीएमश्री सेजेस वीडीकेपी स्कूल का मामला, पालक की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया अपराध; शिक्षा विभाग ने भी शुरू की जांच

बिलासपुर। कोटा क्षेत्र स्थित पीएमश्री सेजेस वीडीकेपी स्कूल में कक्षा सातवीं के एक छात्र के साथ कथित मारपीट, बाल पकड़कर घसीटने और मानसिक प्रताड़ना का मामला सामने आया है। छात्र के पिता की शिकायत पर कोटा पुलिस ने शिक्षक आशीष बघेल के खिलाफ किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायत के अनुसार, 10 जुलाई को दोपहर करीब 3 बजे शिक्षक ने छात्र के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया, उसके साथ मारपीट की और बाल पकड़कर कक्षा से बाहर तक घसीटा। इस घटना से छात्र मानसिक रूप से आहत हो गया।

घटना के अगले दिन 11 जुलाई को छात्र के पिता ने विद्यालय प्रबंधन को लिखित शिकायत दी। इसके बाद विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) कोटा को भी शिकायत सौंपी गई। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित शिक्षक के खिलाफ पूर्व में भी अनुशासनहीनता, दुर्व्यवहार तथा नशे की हालत में विद्यालय आने जैसी शिकायतें की जा चुकी हैं।

पुलिस ने शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर शिक्षक के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वहीं शिक्षा विभाग ने भी पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS