Explore

Search

September 3, 2026 10:08 am

जशपुर में पुलिस मितानों को QR कोड स्टिकर, सामुदायिक पुलिसिंग होगी मजबूत

जशपुर। सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने की दिशा में जशपुर पुलिस ने बुधवार को पुलिस मितान सम्मेलन आयोजित किया। इसमें थाना कुनकुरी, कांसाबेल, तपकरा, फरसाबहार तथा चौकी दोकड़ा, उपरकछार और करडेगा क्षेत्र के करीब 1000 पुलिस मितानों को टी-शर्ट और डिजिटल क्यूआर कोड स्टिकर वितरित किए गए। जिले के सभी 5,012 पुलिस मितानों को चरणबद्ध तरीके से यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि पुलिस मितान योजना पुलिस और ग्रामीणों के बीच भरोसे की मजबूत कड़ी है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक पुलिस मितान अपने दोपहिया वाहन पर डिजिटल क्यूआर कोड स्टिकर लगाएगा। इसे स्कैन कर ग्रामीण संबंधित पुलिस मितान का नाम, गांव और संपर्क नंबर प्राप्त कर सकेंगे, जिससे आपात स्थिति, दुर्घटना, साइबर ठगी, महिला एवं बाल सुरक्षा, कानून-व्यवस्था या अन्य मामलों में तुरंत संपर्क संभव होगा।

सम्मेलन में पुलिस मितानों को सड़क सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, नशा मुक्ति, महिला एवं बाल सुरक्षा, टोनही प्रताड़ना, मानव तस्करी, गौ तस्करी और अन्य सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जनजागरूकता अभियान चलाने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई। एसएसपी ने विश्वास जताया कि पुलिस मितानों की सक्रिय भागीदारी से अपराध नियंत्रण, सड़क दुर्घटनाओं में कमी और सामाजिक जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण सफलता मिलेगी।

यातायात डीएसपी के.आर. चौहान ने सड़क सुरक्षा नियमों के पालन, हेलमेट और सीट बेल्ट के नियमित उपयोग पर जोर देते हुए राहवीर गुड समैरिटन योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर के भीतर अस्पताल पहुंचाने वाले राहवीर को शासन की ओर से 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि और सम्मान दिया जाता है। उन्होंने पुलिस मितानों से इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील की।

एसडीओपी कुनकुरी विनोद मंडावी और एसडीओपी जशपुर चंद्रशेखर परमा ने पुलिस मितानों से गांवों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना समय पर पुलिस तक पहुंचाने और साइबर अपराध, नशा मुक्ति तथा सामाजिक जागरूकता अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा पर प्रस्तुतीकरण भी दिया गया। अंत में पुलिस मितानों ने समाज सेवा, सड़क सुरक्षा और नशामुक्त जशपुर के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विभिन्न थाना प्रभारियों, ग्राम कोटवारों, पुलिस मितानों और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS