Explore

Search

July 16, 2026 7:27 pm

रेलवे के आधुनिकीकरण से यात्री सुविधाओं, व्यापार, पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को मिलेगी नई गति : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर, 16 जुलाई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि रेलवे का आधुनिकीकरण प्रदेश में यात्री सुविधाओं के साथ-साथ व्यापार, पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को नई गति देगा। उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना भारतीय रेलवे को आधुनिक, सुरक्षित और यात्री-केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

मुख्यमंत्री से गुरुवार को रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में रायपुर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) दयानन्द ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की ओर से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित सरोना और बालोद रेलवे स्टेशनों के उद्घाटन समारोह का आमंत्रण सौंपा। बैठक में दोनों स्टेशनों पर विकसित आधुनिक यात्री सुविधाओं और अधोसंरचना उन्नयन पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देशभर के रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं और विश्वस्तरीय अधोसंरचना से सुसज्जित किया जा रहा है, जिससे विकसित भारत के संकल्प को मजबूती मिल रही है।

उन्होंने कहा कि रेलवे केवल परिवहन का माध्यम नहीं, बल्कि विकास, व्यापार, पर्यटन और जनसुविधाओं की जीवनरेखा है। रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने, रोजगार के अवसर बढ़ाने और क्षेत्रीय विकास को नई दिशा देने में सहायक होगा। सरोना और बालोद रेलवे स्टेशनों के उन्नयन से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ क्षेत्र की आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ में आधुनिक रेल अधोसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है, जिससे निवेश, उद्योग, व्यापार और पर्यटन को प्रोत्साहन मिलेगा तथा लोगों का आवागमन अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनेगा।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को वर्चुअल माध्यम से देशभर में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित एवं नवीनीकृत रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण करेंगे। इस योजना का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों को आधुनिक, सुरक्षित, सुगम और यात्री-अनुकूल बनाना है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS