Explore

Search

July 13, 2026 2:25 am

दुर्ग में डीजीपी देव की समीक्षा बैठक: कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण पर जोर, स्मार्ट पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने के निर्देश

दुर्ग। पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने रेंज के दुर्ग, बालोद और बेमेतरा जिलों की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। सेक्टर-6 स्थित पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित संयुक्त समीक्षा बैठक में उन्होंने लंबित मामलों के समयबद्ध निराकरण, गुणवत्तापूर्ण विवेचना, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और तकनीक आधारित स्मार्ट पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने पिछले एक वर्ष के दौरान अपराध नियंत्रण, साइबर अपराधों की रोकथाम, मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान, संपत्ति संबंधी अपराधों के निराकरण, सामुदायिक पुलिसिंग, महिला एवं बाल सुरक्षा और जनसहभागिता आधारित पुलिसिंग की उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण किया।

पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक अपराध की वैज्ञानिक और गुणवत्तापूर्ण विवेचना सुनिश्चित की जाए। गंभीर अपराधों में त्वरित कार्रवाई, लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण, रोजनामचा का नियमित अध्ययन, अपराध प्रवृत्तियों का विश्लेषण और संवेदनशील क्षेत्रों की सतत निगरानी को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने फरार आरोपियों और स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और कमजोर वर्गों से जुड़े मामलों में संवेदनशील एवं पीड़ित-केंद्रित दृष्टिकोण अपनाने पर बल दिया। साथ ही साइबर अपराधों से निपटने के लिए तकनीकी दक्षता बढ़ाने, डिजिटल साक्ष्यों के प्रभावी उपयोग और आम नागरिकों में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता बताई।

बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन, नियमित प्रशिक्षण, अनुशासन और टीमवर्क को भी प्रभावी पुलिसिंग का महत्वपूर्ण आधार बताया गया। उन्होंने कहा कि जनता के प्रति विनम्र, पारदर्शी और जवाबदेह व्यवहार पुलिस की सबसे बड़ी पहचान होनी चाहिए।

समीक्षा बैठक के बाद पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने कंट्रोल रूम परिसर में स्थापित इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) का निरीक्षण किया। उन्होंने सीसीटीवी आधारित निगरानी, ऑटोमेटेड ट्रैफिक मॉनिटरिंग, ई-चालान व्यवस्था और डिजिटल ट्रैफिक प्रबंधन प्रणाली का अवलोकन करते हुए उपलब्ध तकनीकी संसाधनों का अधिकतम उपयोग कर सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए।

बैठक में दुर्ग, बालोद और बेमेतरा जिलों के राजपत्रित अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने पुलिस महानिदेशक के निर्देशों का प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का संकल्प भी व्यक्त किया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS