छत्तीसगढ़।समाज में आज भी मासिक धर्म माहवारी को लेकर अनेक भ्रांतियाँ, संकोच और गलत धारणाएँ मौजूद हैं। जबकि यह महिलाओं के जीवन की एक स्वाभाविक एवं महत्वपूर्ण जैविक प्रक्रिया है। इसी सोच को बदलने, जागरूकता बढ़ाने और माहवारी से जुड़े विषयों पर खुलकर संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से सामाजिक संस्था चेतना अतुलनीय बिलासपुर, सुरक्षित बिलासपुर द्वारा जागरूक नारी मासिक धर्म जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
यह कार्यक्रम 9 जून 2026 को शाम 4 बजे प्रार्थना भवन, जल संस्थान विभाग, बिलासपुर में आयोजित होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एल.सी. मढ़रिया करेंगे।
कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी सहभागिता करेंगे। मुख्य अतिथि के रूप में कलेक्टर संजय अग्रवाल तथा विशिष्ट अतिथियों के रूप में एसएसपी रजनेश सिंह जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल एवं नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे उपस्थित रहेंगे।

आर्यन फ़िल्म के रामानंद तिवारी के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य केवल माहवारी संबंधी जानकारी देना नहीं, बल्कि समाज में व्याप्त झिझक और मौन को तोड़ना भी है। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों द्वारा मासिक धर्म से जुड़े वैज्ञानिक तथ्यों, स्वच्छता, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों तथा महिलाओं के सम्मान और अधिकारों पर चर्चा की जाएगी।
कार्यक्रम में विशेष रूप से यह संदेश दिया जाएगा कि माहवारी कोई शर्म या संकोच का विषय नहीं, बल्कि महिला जीवन का एक स्वाभाविक और गौरवपूर्ण हिस्सा है। प्रतिभागियों को बिना झिझक अपनी बात रखने, प्रश्न पूछने और सही जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
संस्था का मानना है कि जब परिवार, विद्यालय और समाज मिलकर इस विषय पर सकारात्मक वातावरण तैयार करेंगे, तभी किशोरियों और महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और सम्मान मिल सकेगा। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों से भी अपील की जाएगी कि वे माहवारी को लेकर किसी प्रकार की हँसी-मज़ाक या भेदभावपूर्ण व्यवहार से बचें और जागरूकता फैलाने में अपनी भूमिका निभाएँ।
जागरूक नारी केवल एक जागरूकता कार्यक्रम नहीं बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में एक सार्थक पहल है, जो महिलाओं के स्वास्थ्य और सम्मान को केंद्र में रखकर नई सोच को बढ़ावा देने का प्रयास कर रही है।
कार्यक्रम संचालक आर्यन फिल्म के रामानंद तिवारी ने जिले के नागरिकों, महिलाओं, युवाओं एवं सामाजिक संगठनों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस जन-जागरूकता अभियान को सफल बनाने की अपील की है।
प्रधान संपादक


