Explore

Search

June 6, 2026 5:14 pm

तीन गांवों में महिला कमांडो टीम गठित, नशा मुक्ति और साइबर जागरूकता अभियान को मिलेगी नई मजबूती

छत्तीसगढ़।नशे और साइबर अपराध के खिलाफ जांजगीर-चांपा पुलिस ने महिला शक्ति को नई जिम्मेदारी सौंपते हुए एक साथ तीन गांवों में महिला कमांडो टीम का गठन किया है। पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय की पहल पर गठित यह टीम अब गांव-गांव में नशा मुक्ति, साइबर जागरूकता, महिला सुरक्षा और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाएगी। बलौदा क्षेत्र के कोरबी, डोंगरी और काटापाली गांवों में शुरू हुई यह पहल महिला सशक्तिकरण और सामुदायिक पुलिसिंग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है ।

एसपी विजय पांडेय की पहल पर बलौदा क्षेत्र के तीन गांवों कोरबी, डोंगरी और काटापाली में महिला कमांडो टीम का गठन किया गया। इस अवसर पर नशा मुक्ति एवं साइबर जनजागरूकता विषयक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

थाना बलौदा क्षेत्र के ग्राम डोंगरी में आयोजित कार्यक्रम में सक्रिय एवं जागरूक महिलाओं को संगठित कर महिला कमांडो टीम बनाई गई। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए नशा मुक्ति, साइबर सुरक्षा, महिला एवं बाल संरक्षण तथा सामुदायिक जागरूकता के क्षेत्र में प्रभावी भूमिका प्रदान करना है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय ने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि महिला कमांडो टीम गांव-गांव में जनजागरूकता की मजबूत कड़ी बनेगी और नशे के विरुद्ध अभियान, साइबर अपराधों से बचाव, महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा तथा सामाजिक बुराइयों के उन्मूलन के लिए सक्रिय रूप से कार्य करेगी।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध और नशे की समस्या समाज के लिए गंभीर चुनौती बन चुकी है। इन समस्याओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पुलिस के साथ-साथ आमजन की भागीदारी भी आवश्यक है। महिला कमांडो टीम के सदस्य ग्रामीणों को जागरूक करने, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस तक पहुंचाने तथा महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक बनाने का कार्य करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को साइबर ठगी, ऑनलाइन फ्रॉड, डिजिटल सुरक्षा, नशे के दुष्परिणाम, घरेलू हिंसा, महिला सुरक्षा संबंधी कानूनों तथा बाल संरक्षण के विषय में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें अपने-अपने गांवों में जागरूकता अभियान चलाने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, ग्रामीणजन तथा थाना बलौदा प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS