बिलासपुर, 2 जून। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने मंगलवार को जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान लोगों ने निजी एवं सामुदायिक शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने अधिकांश मामलों में संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जनदर्शन में अपर कलेक्टर शिवकुमार बनर्जी तथा संयुक्त कलेक्टर अभिषेक दीवान ने भी लोगों की समस्याएं सुनीं।
जनदर्शन में ग्राम पंचायत कर्रा के सरपंच ने शासकीय भूमि पर प्रस्तावित तालाब निर्माण स्थल से अवैध कब्जा हटाने की मांग की। उन्होंने बताया कि गांव के एक व्यक्ति द्वारा भूमि पर तार फेंसिंग कर कब्जा कर लिया गया है, जिससे तालाब निर्माण प्रभावित हो रहा है।

सकरी तहसील के साईं नगर निवासी 64 वर्षीय दिव्यांग शिवकुमार कुर्रे ने बैटरी चालित ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इससे उनके आवागमन और दैनिक कार्यों में सुविधा होगी।
ग्राम पंचायत घुटकू के ग्रामीणों ने लोनियापारा को वर्तमान निरतु फीडर से अलग कर घुटकू फीडर से जोड़ने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि इससे क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति की समस्या दूर होगी और बेहतर बिजली व्यवस्था मिल सकेगी।
नगर निगम क्षेत्र के चिंगराजपारा निवासी सौरभ रजक ने सब्जी मंडी में सब्जी विक्रय के लिए चबूतरा आबंटित करने का आवेदन दिया। वहीं मस्तुरी विकासखंड के ग्राम सरसेनी निवासी गोवर्धन सिंह जगत ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान दिलाने की मांग रखी।
तिलक राम जोशी ने बैंक ऑफ बड़ौदा से पुनः ऋण स्वीकृत कराने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि वे पिछले 10 वर्षों से बैंक के ऋण ग्राहक हैं तथा पूर्व का लगभग 1.30 लाख रुपये का ऋण ब्याज सहित चुका चुके हैं, इसके बावजूद नया ऋण स्वीकृत नहीं हो पा रहा है।
बिल्हा क्षेत्र के ग्रामीणों ने स्कूल एवं आंगनबाड़ी केंद्र के समीप संचालित अंडा-मुर्गी दुकान को हटाने की मांग की। उनका कहना है कि दुकान से फैलने वाली गंदगी बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए खतरा बन रही है।
सकरी तहसील के ग्राम गोबंद निवासी बालमुकुंद गोंड़ ने अपनी भूमि के सामने मकान निर्माण कर मार्ग अवरुद्ध किए जाने की शिकायत दर्ज कराई।
कलेक्टर श्री अग्रवाल ने जनदर्शन में प्राप्त सभी आवेदनों पर संबंधित विभागों को नियमानुसार जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने नागरिकों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
प्रधान संपादक


