फुट मसाजर, इंडस्ट्रियल आरओ मशीन और सीसीटीवी की सुविधा उपलब्ध कराई गई
बिलासपुर, 31 मई। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल ने कर्मचारियों के कल्याण और बेहतर कार्य वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह के निर्देश पर टीटीई रेस्ट हाउस, बिलासपुर में अत्याधुनिक फुट मसाजर, शुद्ध पेयजल के लिए इंडस्ट्रियल आरओ मशीन तथा सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए सीसीटीवी सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
रेलवे प्रशासन के अनुसार ट्रेनों में ड्यूटी पूरी करने के बाद रेस्ट हाउस में ठहरने वाले टिकट जांच कर्मचारियों टीटीई को बेहतर विश्राम और आरामदायक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए चरणबद्ध तरीके से आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। नई व्यवस्थाओं से कर्मचारियों को शारीरिक थकान से राहत मिलने के साथ मानसिक तनाव कम करने और उन्हें तरोताजा बनाए रखने में मदद मिलेगी।
प्रशासन का मानना है कि बेहतर विश्राम सुविधाएं कर्मचारियों की कार्यक्षमता, सेवा गुणवत्ता और कार्य संतुष्टि को बढ़ाने में सहायक होती हैं। इसी उद्देश्य से रेस्ट हाउस को अधिक सुविधायुक्त और आधुनिक बनाया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि टीटीई रेस्ट हाउस में पहले भी कई सुधार कार्य किए जा चुके हैं। रेस्ट हाउस का नवीनीकरण, बेहतर खानपान व्यवस्था के लिए नए बर्तनों की उपलब्धता, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था तथा स्वच्छ एवं सुखद वातावरण के लिए हरित सज्जा और गमलों की स्थापना जैसे कार्य किए गए हैं। अब नई सुविधाओं के जुड़ने से कर्मचारियों को और अधिक आरामदायक एवं स्वास्थ्यवर्धक वातावरण मिलेगा।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह ने कहा कि टिकट जांच कर्मचारियों की कार्य परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण होती हैं और वे लंबे समय तक यात्रियों की सेवा में सक्रिय रहते हैं। ऐसे में उनके बेहतर आराम, स्वास्थ्य और मानसिक ताजगी का ध्यान रखना रेलवे की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि रेस्ट हाउस में उपलब्ध कराई गई आधुनिक सुविधाएं कर्मचारियों को ड्यूटी के बाद राहत और नई ऊर्जा प्रदान करेंगी।रेलवे प्रशासन ने भविष्य में भी कर्मचारियों के कल्याण और सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने की बात कही है।
प्रधान संपादक


