Explore

Search

May 31, 2026 4:55 pm

इतवारी स्टेशन पर विशेष टिकट जांच अभियान, 124 मामलों में 23,710 रुपये का राजस्व वसूला

नागपुर, 31 मई। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल द्वारा बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष “नाका टिकट चेकिंग अभियान” के तहत नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी रेलवे स्टेशन पर सघन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 124 मामलों में कार्रवाई करते हुए रेलवे ने 23,710 रुपये का राजस्व अर्जित किया।

रेल प्रशासन के अनुसार मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक दिलीप सिंह के मार्गदर्शन में 21 मई से 14 जून 2026 तक विशेष नाका टिकट चेकिंग अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में 30 मई को इतवारी स्टेशन पर विशेष जांच की गई।

अभियान का नेतृत्व सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमित कुमार ने किया। जांच दल में एक अधिकारी, तीन मुख्य टिकट निरीक्षक, 11 टिकट परीक्षक, एक एमटीएस तथा दो आरपीएफ कर्मी शामिल रहे। टीम ने कुल 14 ट्रेनों में सघन टिकट जांच की।

जांच के दौरान बिना टिकट यात्रा, अनियमित टिकट तथा अन्य टिकटिंग अनियमितताओं से संबंधित कुल 124 मामले सामने आए। इनमें बिना टिकट यात्रा के 26 मामलों से 10,250 रुपये, अनियमित यात्रा के 13 मामलों से 4,960 रुपये, अनियमित लगेज के 84 मामलों से 8,400 रुपये तथा धूम्रपान के एक मामले से 100 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक दिलीप सिंह ने यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि रेल यात्रा के दौरान हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें। बिना टिकट अथवा अनियमित टिकट पर यात्रा करना रेलवे अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है। उन्होंने यात्रियों से यूटीएस ऑन मोबाइल सहित रेलवे की डिजिटल टिकटिंग सुविधाओं का अधिकाधिक उपयोग करने तथा रेलवे को सुरक्षित, पारदर्शी और यात्री-अनुकूल बनाने में सहयोग करने का आग्रह किया।

रेल प्रशासन ने बताया कि यात्रियों के हित एवं रेलवे राजस्व की सुरक्षा के लिए ऐसे विशेष टिकट जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS