Explore

Search

May 31, 2026 4:16 pm

साइबर ठगी के लिए बैंक खाते जुटाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, म्यूल अकाउंट नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका

बिलासपुर। साइबर अपराध और म्यूल अकाउंट नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तोरवा पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर लोगों को कमीशन का लालच देकर उनके बैंक खाते, पासबुक और खाता संबंधी जानकारी एकत्रित करने का आरोप है। पुलिस को आशंका है कि इन खातों का उपयोग साइबर ठगी और धोखाधड़ी के लिए किया जा रहा था।

पुलिस के अनुसार, 29 मई को सूचना मिली थी कि तितली चौक स्थित एसबीआई बैंक के आसपास एक युवक लोगों से बैंक पासबुक और खाते की जानकारी मांग रहा है तथा इसके बदले कमीशन देने का प्रलोभन दे रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक रजनीश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर संदिग्ध युवक भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।

पूछताछ में उसकी पहचान बापूनगर निवासी 20 वर्षीय प्रियांशु वस्त्रकार के रूप में हुई। उसके मोबाइल फोन की जांच करने पर कई व्यक्तियों के बैंक खातों, पासबुकों और खाता विवरणों की तस्वीरें एवं अन्य जानकारियां मिलीं। पूछताछ के दौरान उसने आर.के. नगर निवासी 36 वर्षीय अनिल गजभिये के साथ मिलकर लोगों से बैंक खाते और पासबुक एकत्रित करने की बात स्वीकार की।

जांच में सामने आया कि आरोपियों द्वारा एकत्रित किए गए बैंक खातों का उपयोग साइबर अपराधों में किया जा सकता था। पुलिस को संदेह है कि दोनों आरोपी म्यूल अकाउंट नेटवर्क के जरिए साइबर ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराने का काम कर रहे थे।

तोरवा पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 276/2026 के तहत धारा 318(4) और 112 बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का तकनीकी विश्लेषण किया जा रहा है। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और संभावित साइबर ठगी गिरोह के संबंध में विस्तृत जांच जारी है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS