बिलासपुर, 29 मई 2026। जिले में जल संरक्षण एवं भू-जल संवर्धन को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक अभियान शुरू किया है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर आधुनिक तकनीक के माध्यम से भू-जल रिचार्ज कार्यों को गति दी गई है। अभियान का उद्देश्य वर्षा जल का अधिकतम संचयन कर भू-जल स्तर को मजबूत करना है।
जिले में पहली बार युक्तधारा पोर्टल एवं भूवन एप के संयुक्त उपयोग से फैक्चर जोन चिन्हांकित किए गए हैं, जहां इंजेक्शन वेल का निर्माण कराया जा रहा है। इन इंजेक्शन वेल के जरिए वर्षा जल को सीधे जमीन के भीतर पहुंचाकर भू-जल रिचार्ज सुनिश्चित किया जाएगा।

कलेक्टर श्री अग्रवाल ने जिले के 12 उद्योगों से p की अपील करते हुए 334 चिन्हित स्थलों पर इंजेक्शन वेल निर्माण कराने का आग्रह किया है। इसके तहत कई स्थानों पर बोर खनन का कार्य युद्धस्तर पर दिन-रात जारी है। साथ ही मनरेगा के अंतर्गत मिनी परकुलेशन टैंक का निर्माण भी कराया जा रहा है, जिससे जल संचयन एवं जल रिचार्ज की प्रक्रिया को और प्रभावी बनाया जा सके।
कलेक्टर संजय अग्रवाल का मानना है कि यह पहल भविष्य में संभावित जल संकट से निपटने के लिए मजबूत आधार तैयार करेगी। जिले में जल संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ते हुए प्राथमिकता के साथ क्रियान्वित किया जा रहा है, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।
कलेक्टर अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण दायित्व है।
विशेषज्ञों के अनुसार इंजेक्शन वेल भू-जल संवर्धन का प्रभावी माध्यम है। इससे वर्षा जल व्यर्थ बहने के बजाय जमीन के भीतर संग्रहित होता है, जिसका लाभ आने वाले वर्षों में पेयजल, सिंचाई और पर्यावरण संतुलन के रूप में मिलेगा। प्रशासन की यह पहल पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन और सतत विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
प्रधान संपादक


