Explore

Search

May 29, 2026 8:13 pm

पुलिस की सख्त दस्तक: जूटमिल इलाके में फ्लैग मार्च, असामाजिक तत्वों को चेतावनी

“एसएसपी अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है,जिले में गुंडागर्दी, मारपीट या असामाजिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं ,आम नागरिक निर्भीक होकर पुलिस को सूचना दें”

रायगढ़।रायगढ़ में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह से आक्रामक मोड में है। जूटमिल थाना क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों में लगातार सामने आ रही झगड़ा-मारपीट की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस ने ताबड़तोड़ फ्लैग मार्च और पैदल पेट्रोलिंग की। पुलिस की इस भारी मौजूदगी से क्षेत्र में मनचलों और गुंडागर्दी करने वालों के बीच खौफ का माहौल रहा।

संवेदनशील इलाकों में चला ऑपरेशन सर्च

एएसपी अनिल सोनी ने बताया के फ्लेग मार्च का नेतृत्व जूटमिल थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह ने किया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सुरक्षा बलों की टीम ने काशीराम चौक, गढ़उमरिया, ओडिशा हाईवे और जूटमिल मार्केट के भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल मार्च किया। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर अड्डा जमाए और शराबखोरी कर रहे असामाजिक तत्वों को खदेड़ा गया और उन्हें सीधे थाने ले जाया गया।

युवकों को दी नसीहत, नागरिक संवाद पर जोर

पुलिस टीम ने केवल सख्ती ही नहीं दिखाई, बल्कि आम नागरिकों के साथ संवाद भी स्थापित किया। थाना प्रभारी ने क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। साथ ही, कुछ युवकों को चिन्हित कर उन्हें थाने बुलाया गया और स्पष्ट चेतावनी दी गई कि स्टंटबाजी, अनावश्यक भीड़ जुटाना या मारपीट जैसी गतिविधियों से दूर रहें, अन्यथा करियर और भविष्य दोनों पर दाग लग जाएगा।

एसएसपी की दो-टूक,गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा जिले में किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी, मारपीट या असामाजिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आम नागरिक निर्भीक होकर पुलिस को सूचना दें, प्रत्येक सूचना पर तत्काल और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। क्षेत्र में निगरानी और पेट्रोलिंग का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है।

पुलिस ने दिए अपने नंबर

किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद के लिए पुलिस ने बीट आरक्षकों और थाना प्रभारी के मोबाइल नंबर सार्वजनिक किए हैं, ताकि अपराधी पुलिस की नजर से बच न सकें। फ्लैग मार्च के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर भी गहन निगरानी रखी गई है, जिन्हें भविष्य के लिए रेड अलर्ट पर रखा गया है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS