Explore

Search

June 17, 2026 5:15 pm

भारतमाला मुआवजा घोटाला: चतुर्भुज राठी के ठिकानों पर ईडी का शिकंजा

बिलासपुर दुर्ग कोरबा अंबिकापुर जिलों में ताबड़तोड़ छापे, सुबह 4 बजे से कार्रवाई जारी

छत्तीसगढ़ । भारतमाला सड़क परियोजना से जुड़े कथित मुआवजा घोटाले की जांच में प्रवर्तन निदेशालय ED ने गुरुवार तड़के बड़ी कार्रवाई करते हुए छत्तीसगढ़ के चार जिलों दुर्ग, बिलासपुर, कोरबा और अंबिकापुर में एक साथ छापेमारी की।

सूत्रों के अनुसार, ईडी की टीम ने सुबह करीब 4 बजे दुर्ग पहुंचकर भाजपा नेता एवं रियल एस्टेट कारोबारी चतुर्भुज राठी के महेश नगर स्थित निवास सहित अन्य ठिकानों पर जांच शुरू की। टीम में शामिल अधिकारियों ने दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच की।

राठी से जुड़ी फर्मों की जांच

जांच के दायरे में राठी से जुड़ी पांच कंपनियां बताई जा रही हैं, जिनमें अमर इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड, AIL-DRA (JV), तार कारपेट प्राइवेट लिमिटेड, अमर महाबीर कोल माइंस प्राइवेट लिमिटेड और अमर डायनामिक प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं। ये कंपनियां निर्माण और खनन क्षेत्र में सक्रिय हैं।

कई राज्यों में कारोबार

सूत्रों के मुताबिक, संबंधित समूह का कारोबार सड़क, भवन और पुल निर्माण के साथ-साथ खनन क्षेत्र तक फैला हुआ है। हाल ही में समूह द्वारा कोल माइंस अधिग्रहण और अन्य राज्यों में विस्तार की जानकारी भी सामने आई है।

भारतमाला परियोजना से जुड़ा मामला

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई भारतमाला सड़क परियोजना के तहत भूमि अधिग्रहण मुआवजे में कथित अनियमितताओं से जुड़ी हुई है। दुर्ग जिले में भी इस परियोजना के अंतर्गत सड़क निर्माण कार्य प्रगति पर है।

पहले भी हो चुकी है कार्रवाई

गौरतलब है कि इससे पहले ईडी ने दो दिन पूर्व कुरूद और धमतरी क्षेत्र में भी इसी मामले को लेकर चार व्यक्तियों के करीब एक दर्जन ठिकानों पर छापेमारी की थी।

आधिकारिक पुष्टि का इंतजार

समाचार लिखे जाने तक ईडी की कार्रवाई जारी थी और एजेंसी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। स्थानीय स्तर पर इस कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।आधिकारिक पुष्टि के बाद विवरण में बदलाव संभव है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS