
डॉ. आंबेडकर ने राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया : डॉ. नरेंद्र जाधव
वर्धा, 14 अप्रैल 2026। महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय में बोधिसत्व डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती उत्साहपूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित व्याख्यान में प्रख्यात अर्थशास्त्री एवं राज्यसभा के पूर्व सांसद डॉ. नरेंद्र जाधव ने कहा कि डॉ. आंबेडकर ने राष्ट्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान दिया है, जिनसे प्रेरणा लेना आज भी प्रासंगिक है।
ग़ालिब सभागार में आयोजित ‘बोधिसत्व डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर : राष्ट्र निर्माण की दृष्टि एवं योगदान’ विषयक कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा ने की। अपने वक्तव्य में डॉ. जाधव ने कहा कि डॉ. आंबेडकर मूलतः एक महान अर्थशास्त्री थे। उन्होंने कोलंबिया विश्वविद्यालय से पीएच.डी. तथा लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से डी.एससी. की उपाधि प्राप्त की। उन्होंने देश की आर्थिक संरचना और विकास के मॉडल पर गहन अध्ययन किया था।
उन्होंने कहा कि डॉ. आंबेडकर ने जाति प्रथा के उन्मूलन के लिए संघर्ष किया और इसे देश के आर्थिक विकास में बाधा बताया। श्रम कल्याण, नदी जोड़ परियोजनाएं, हिराकुंड बांध, हिंदू कोड बिल, भाषावार प्रांत रचना तथा संविधान निर्माण जैसे क्षेत्रों में उनके योगदान को रेखांकित करते हुए डॉ. जाधव ने उनके दूरदर्शी नेतृत्व की सराहना की।

अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रो. कुमुद शर्मा ने डॉ. आंबेडकर को बहुआयामी व्यक्तित्व बताते हुए कहा कि उनके चिंतन में राष्ट्रहित सर्वोपरि था। उन्होंने शिक्षा, स्त्री-पुरुष समानता और सामाजिक समरसता के लिए उल्लेखनीय कार्य किए।
इस अवसर पर कुलपति द्वारा डॉ. नरेंद्र जाधव को शॉल, प्रतीक चिन्ह और सूतमाला भेंटकर सम्मानित किया गया। साथ ही उनकी पत्नी श्रीमती वसुंधरा जाधव का भी सम्मान किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. आंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई तथा विश्वविद्यालय का कुलगीत प्रस्तुत हुआ। शोधार्थी भंते ओम प्रकाश ने त्रिशरण पंचशील का वाचन किया।

स्वागत वक्तव्य प्रो. अवधेश कुमार ने दिया, जबकि विषय प्रस्तावना डॉ. किरन कुंभरे ने रखी। डॉ. जाधव का परिचय डॉ. हर्षलता पेटकर ने कराया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. संदीप सपकाळे ने किया और आभार प्रदर्शन डॉ. शैलेश कदम ने किया। कार्यक्रम में शिक्षक, अधिकारी, शोधार्थी एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम से पूर्व डॉ. नरेंद्र जाधव एवं कुलपति प्रो. कुमुद शर्मा ने समता भवन स्थित डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा तथा गांधी हिल्स पर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
प्रधान संपादक


