Explore

Search

April 14, 2026 4:18 pm

दुर्ग में अनुभव का संवाद:रिटायर्ड पुलिसकर्मियों की सलाह से बदलेगी पुलिसिंग की दिशा

छत्तीसगढ़ ।दुर्ग पुलिस ने पुलिसिंग को अधिक प्रभावी और जनकेंद्रित बनाने की दिशा में एक अलग पहल करते हुए एसएसपी आईपीएस विजय अग्रवाल ने सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के अनुभवों को नीति में शामिल करने की शुरुआत की है। पुलिस कंट्रोल रूम, भिलाई में आयोजित संवाद बैठक में करीब 60 रिटायर्ड अधिकारियों ने अपने दशकों के अनुभव साझा किए, जिनके आधार पर अब पुलिसिंग में व्यावहारिक सुधार की रूपरेखा तैयार की जा रही है।

बैठक का मुख्य फोकस केवल अनुभव साझा करना नहीं, बल्कि उन सुझावों को जमीनी स्तर पर लागू करना रहा, जो पुलिस और आम जनता के बीच भरोसे को मजबूत कर सकें। रिटायर्ड अधिकारियों ने साफ तौर पर कहा कि पुलिस की छवि सुधारने के लिए व्यवहार में संवेदनशीलता, शिकायतों का त्वरित समाधान और मौके पर समय पर पहुंचना सबसे अहम है।

‘आईडी कार्ड’ और नियमित संवाद का सुझाव

बैठक में एक महत्वपूर्ण सुझाव यह भी सामने आया कि सभी सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को पहचान पत्र प्रदान किया जाए, ताकि वे समाज और पुलिस के बीच एक सक्रिय कड़ी के रूप में काम कर सकें। इसके साथ ही थाना स्तर पर नियमित बैठकें और व्यक्तिगत संपर्क बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

बीट पुलिसिंग में रिटायर्ड कर्मियों की भूमिका

पुलिस ने इस पहल को आगे बढ़ाते हुए बीट पुलिसिंग को और मजबूत करने का निर्णय लिया है। थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने क्षेत्र में रहने वाले रिटायर्ड पुलिसकर्मियों की अद्यतन जानकारी रखें और उन्हें व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से जोड़ा जाए। इससे स्थानीय स्तर पर सूचना तंत्र और अधिक मजबूत होगा।

जनसहभागिता बढ़ाने पर जोर

बैठक में यह एसएसपी अग्रवाल ने निर्देश दिया कि सेवानिवृत्त अधिकारी अपने क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों और अपराध संबंधी सूचनाएं पुलिस तक पहुंचाने में सहयोग करेंगे। इससे अपराध नियंत्रण में तेजी आएगी और पुलिस की प्रतिक्रिया समय भी बेहतर होगा।

पुलिस-जन संबंधों को नई दिशा

इस संवाद पहल को पुलिस और समाज के बीच सेतु के रूप में देखा जा रहा है। अनुभवी पुलिसकर्मियों के सुझावों को लागू कर दुर्ग पुलिस न केवल अपनी कार्यप्रणाली को सुधारने की कोशिश कर रही है, बल्कि एक सकारात्मक और भरोसेमंद छवि बनाने की दिशा में भी ठोस कदम उठा रही है।

एसएसपी की अपील

दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल ने सभी नागरिकों और सेवानिवृत्त कर्मियों से कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS