बिलासपुर ।थाना रतनपुर क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर पुलिस ने निर्णायक कार्रवाई करते हुए राहगीरों से लूटपाट, मारपीट और चाकूबाजी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 2 विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल हैं।
दिनदहाड़े वारदात: पैसे नहीं देने पर हमला
30 मार्च को सुमित कुमार रजवाड़े अपने भतीजे के साथ मोटरसाइकिल से जा रहे थे। जूनाशहर बाईपास रोड पर 4 बदमाशों ने रास्ता रोककर शराब के लिए पैसे मांगे। इंकार करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी।
शादी से लौट रहे युवकों पर हमला, चाकू मारकर किया घायल
29 मार्च की रात राहुल सिदार अपने साथियों के साथ शादी से लौट रहे थे। जूनाशहर-लखनी देवी मार्ग पर बदमाशों ने रास्ता रोककर पैसे की मांग की। विरोध करने पर मारपीट की गई और अजय ध्रुव पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।
प्रशिक्षु आईपीएस का पुलिस का ऑपरेशन: दबोचे गए आरोपी
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी एवं मुखबिर सूचना के आधार पर 4 संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिन्होंने दोनों घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया।आरोपियों के पास से हमले में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में मनीष मरावी (21), निवासी अमतरा विक्रम मरावी (20), निवासी जूनाशहर शामिल है।दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया, जबकि 2 नाबालिगों के विरुद्ध बाल न्यायालय में विधिसम्मत कार्यवाही की गई।
पत्थरबाजी करने वाले भी दबोचे गए
इसी तरह रतनपुर-कोटा मार्ग पर वाहनों पर पत्थर फेंककर दहशत फैलाने वाले 2 आरोपियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है इनमें सिद्धार्थ धुर्व्रे (20) उमेन्द्र सिंह (25) शामिल है ।दोनों के खिलाफ धारा 170 BNS के तहत मामला दर्ज किया गया है।
टीम वर्क से मिली सफलता
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक नीलेश कुमार पाण्डेय, उप निरीक्षक विष्णु यादव, एएसआई दिनेश तिवारी, प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह तथा आरक्षक गोविंदा जायसवाल, धीरज कश्यप और संजय यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।रतनपुर पुलिस की इस कार्रवाई से साफ संकेत है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। पुलिस की सक्रियता से आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है।
प्रधान संपादक


