Explore

Search

August 25, 2026 12:38 am

ड्रंक एंड ड्राइव बना जानलेवा: डिवाइडर से टकराई स्कूटी, 28 वर्षीय युवक की मौत

“होटल हैवंस पार्क के सामने देर रात हादसा, डीआईजी एवं एसएसपी रजनेश सिंह की कड़ी चेतावनी और समझाईश भी

बिलासपुर। शहर में शराब पीकर वाहन चलाने की लापरवाही एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। तारबाहर थाना क्षेत्र में होटल हैवंस पार्क के सामने देर रात हुए सड़क हादसे में 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 15 मार्च 2026 की रात करीब 1:30 बजे तारबाहर थाना की पेट्रोलिंग टीम को सूचना मिली कि होटल हैवंस पार्क के सामने एक युवक स्कूटी सहित सड़क किनारे बने डिवाइडर से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल बिलासपुर पहुंचाया गया।अस्पताल में डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान जैद अंसारी (28) पिता मोहम्मद रईस खान, निवासी तालापारा, बिलासपुर के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जैद अंसारी अपने मित्र रितेश तोलानी के साथ शराब पीने के बाद स्कूटी से पुराने बस स्टैंड की ओर जा रहा था। इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया और स्कूटी सड़क किनारे बने डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट लगी, जिससे उसकी मौत हो गई।पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

डीआईजी एवं एसएसपी रजनेश सिंह का सख्त संदेश

घटना को लेकर एसएसपी रजनेश सिंह ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि बिलासपुर पुलिस द्वारा ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे मामलों में आगे और सख्ती बरती जाएगी।

उन्होंने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाना केवल कानून का उल्लंघन नहीं है, बल्कि यह सीधे तौर पर मौत को दावत देने जैसा है। एक छोटी सी लापरवाही किसी परिवार की पूरी जिंदगी उजाड़ सकती है।

ड्रंक एंड ड्राइव के गंभीर परिणाम

एसएसपी सिंह ने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाने के परिणाम अक्सर बेहद गंभीर होते हैं।चालक की स्वयं की जान जा सकती है। किसी निर्दोष व्यक्ति की जान खतरे में पड़ सकती है। जेल, वाहन जब्ती और लंबी कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।डीआईजी एवं एसएसपी रजनेश सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि वे जिम्मेदारी से वाहन चलाएं और शराब पीकर वाहन चलाने से बचें, ताकि ऐसे दर्दनाक हादसों को रोका जा सके।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS