Explore

Search

March 13, 2026 6:39 pm

एसएसपी रजनेश सिंह ने पुलिस लाइन का किया वार्षिक निरीक्षण, बेहतर प्रदर्शन करने वाले जवान सम्मानित

“थाना और चौकी प्रभारियों को बीट प्रणाली को प्रभावी ढंग से लागू करने और क्षेत्र में जनता से संपर्क बढ़ाने के निर्देश ताकि लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हो सके”

“अनुभव एप और सशक्त एप के माध्यम से अब तक चोरी के 20 से अधिक वाहन बरामद ,एप के जरिए थाना-चौकियों की कार्यप्रणाली की भी हो रही निगरानी ”

बिलासपुर, 13 मार्च। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस रजनेश सिंह ने पुलिस लाइन का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना-चौकी प्रभारी और पुलिस कर्मचारी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी सिंह ने परेड की सलामी ली और अधिकारियों व कर्मचारियों के टर्न आउट का निरीक्षण किया। बेहतर टर्न आउट और ड्रिल का प्रदर्शन करने वाले जवानों की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत किया गया जबकि निर्धारित मानकों के अनुरूप टर्न आउट नहीं पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों को दंडित किया गया।

परेड में स्क्वाड ड्रिल, मार्चपास्ट, सलामी शस्त्र, शस्त्र अभ्यास, दिशा परिवर्तन और बलवा ड्रिल का अभ्यास कराया गया। इसमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले जवानों को भी सम्मानित किया गया। परेड में कुल 326 अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। इनमें 11 राजपत्रित अधिकारी, 17 निरीक्षक, 16 उप निरीक्षक, 16 सहायक उप निरीक्षक, 42 प्रधान आरक्षक, 178 आरक्षक और 46 महिला आरक्षक शामिल थीं।

परेड के बाद पुलिस सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें एसएसपी रजनेश सिंह ने अधिकारियों और कर्मचारियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। स्वास्थ्य स्थानांतरण वेतन सेवा और आवास से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। पुलिस फैमिली क्वार्टर में पानी की समस्या के समाधान के लिए भी तत्काल कदम उठाने के निर्देश दिए गए।

सम्मेलन में पुलिस मुख्यालय और रेंज मुख्यालय के निर्देशों से सभी को अवगत कराया गया। एसएसपी सिंह ने कहा कि पुलिस को मोबाइल पेट्रोलिंग सतर्कता जवाबदेही और पारदर्शिता के साथ कार्य करना चाहिए। साथ ही सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने, महिला और बाल सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने तथा नशे के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने थाना और चौकी प्रभारियों से कहा कि बीट प्रणाली को प्रभावी ढंग से लागू करें और क्षेत्र में जनतासंपर्क बढ़ाएं, जिससे लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हो सके।

बैठक में बताया गया कि अनुभव एप और सशक्त एप के माध्यम से अब तक चोरी के 20 से अधिक वाहन बरामद किए जा चुके हैं। इन एप के जरिए थाना-चौकियों की कार्यप्रणाली की भी निगरानी की जा रही है।

बाद में एसएसपी सिंह ने पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर वहां के कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान रखरखाव और संसाधनों के उपयोग को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिला पुलिस के आधुनिकीकरण के तहत बलवा नियंत्रण और सुरक्षा सामग्री की खरीदी की गई है, जिससे करीब एक हजार जवानों को आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अलावा फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की भी व्यवस्था की जा रही है।

पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 16 बोलेरो वाहन, दो मध्यम मालवाहक ट्रक और एक बस उपलब्ध कराई गई है। वहीं पुलिस कर्मियों के लिए 108 आवास स्वीकृत हुए हैं, जिनका निर्माण पूरा होने पर कर्मचारियों को आवास की सुविधा मिलेगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS