Explore

Search

April 15, 2026 3:03 pm

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने पुलिस लाइन का वार्षिक निरीक्षण किया, बलवा ड्रिल का कराया अभ्यास

रायगढ़। पुलिस की तैयारियों और संसाधनों की स्थिति का जायजा लेने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस ने पुलिस लाइन का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परेड की सलामी ली, बलवा ड्रिल का अभ्यास कराया तथा विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों और जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सुबह परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में एसएसपी ने अधिकारियों के नेतृत्व में एक-एक प्लाटून का परेड अभ्यास कराया। उन्होंने जवानों की अनुशासन, सजगता और परेड दक्षता का निरीक्षण करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जवानों को पुरस्कृत भी किया।

निरीक्षण के दौरान परेड ग्राउंड में बलवा ड्रिल का विशेष अभ्यास कराया गया। मॉक ड्रिल में एक टीम को बलवाई तथा दूसरी टीम में प्रशासन, पुलिस अधिकारी और मेडिकल टीम को शामिल कर वास्तविक परिस्थिति के अनुरूप अभ्यास कराया गया। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने पूरी कवायद के दौरान जवानों को मार्गदर्शन देते हुए बलवा नियंत्रण में समन्वय, रणनीति और अनुशासन के महत्व पर बल दिया।

इसके पश्चात एसएसपी सिंह ने पुलिस लाइन स्थित वाहन शाखा, स्टोर, आर्म्स शाखा एवं बीडीएस टीम का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने उपलब्ध संसाधनों, उपकरणों और उनके रखरखाव की स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक सुधार एवं कमियों की पूर्ति के निर्देश दिए।

मीडिया से चर्चा में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि बलवा ड्रिल नियमित प्रशिक्षण का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इससे कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न होने पर पुलिस बल समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई करने में सक्षम होता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अभ्यास से जवानों की कार्यक्षमता और आपात स्थिति से निपटने की क्षमता सुदृढ़ होती है।

निरीक्षण के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा, प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक अजय नागवंशी, रक्षित निरीक्षक अमित सिंह, निरीक्षक सुखनंदन पटेल, रामकिंकर यादव, मोहन भारद्वाज सहित पुलिस लाइन एवं शहर के विभिन्न थानों का स्टाफ उपस्थित रहा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS